मानखुर्द में मेट्रो पिलर से टकराई बेस्ट बस, पैदल यात्रियों को बचाने में बड़ा हादसा टला
मुंबई के मानखुर्द में शुक्रवार तड़के बेस्ट की अनुबंधित बस मेट्रो पिलर से टकरा गई। पैदल यात्रियों को बचाने के दौरान हुए हादसे में एक यात्री गंभीर घायल हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई के मानखुर्द स्टेशन पुल पर शुक्रवार तड़के बेकाबू हुई बेस्ट की अनुबंधित बस मेट्रो के खांबे से टकरा गई। हादसा सुबह करीब सवा दो बजे हुआ, जब बस ऐरोली से प्रतीक्षा नगर डिपो जा रही थी। सड़क पार कर रहे लोगों को बचाने के प्रयास में चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाए, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे मानखुर्द मेट्रो स्टेशन के पिलर से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस के पिलर से भिड़ते ही तेज धमाका हुआ और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में चोट आई है। घायल यात्री ने खुद अपने परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी और इलाज के लिए सायन अस्पताल पहुंचा।
अचानक सड़क पर आए पैदल यात्रियों को बचाने के प्रयास के दौरान यह दुर्घटना हुई। चालक की मुस्तैदी से कई लोगों की जान बच गई। हादसे के बाद बस के ड्राइवर और कंडक्टर मानखुर्द पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
मानखुर्द पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से डिपो ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि घायल यात्री का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।