मुंबई। भायखला स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले उद्यान और चिड़ियाघर में पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए चल रहे विकास कार्यों का बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने जायजा लिया। उन्होंने रानी बाग में निर्माणाधीन अत्याधुनिक टनल एक्वेरियम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और इसे जनवरी 2027 तक आम जनता एवं पर्यटकों के लिए शुरू करने के निर्देश दिए।

बीएमसी आयुक्त ने अपने दौरे के दौरान रानी बाग में आयोजित विशेष गुड़हल फूल प्रदर्शनी का उद्घाटन और निरीक्षण भी किया। प्रदर्शनी में गुड़हल की 50 से अधिक अलग-अलग रंगों और किस्मों की प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। आयुक्त ने मुंबई के नागरिकों और बच्चों से इस खूबसूरत प्रदर्शनी को देखने की अपील की।

इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने चिड़ियाघर परिसर में ‘सेंचरी पाम’ नामक दुर्लभ पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त बीएमसी आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे और चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजय त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रानी बाग मुंबई का एक बेहद लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहां टनल एक्वेरियम के निर्माण से बच्चों और पर्यटकों को नया अनुभव मिलने की उम्मीद है। बीएमसी प्रशासन का प्रयास है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ चिड़ियाघर में आने वाले लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Tags: