वडोदरा मंडल में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान शुरू, रैली निकालकर दिया संदेश
2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्टेशनों और ट्रेनों में गहन सफाई की जाएगी। अधिकारियों ने प्रतापनगर स्टेशन तक जागरूकता रैली निकाली।
वडोदरा मंडल रेल कार्यालय परिसर में पोडियम पर एक अधिकारी कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में 17 सितंबर 2026 को रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार भारतीय रेलवे के ‘स्वच्छता ही सेवा (Swachhata Hi Seva-SHS)-2026’ अभियान का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ हुआ। यह अभियान 02 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष अभियान का मुख्य विषय “Swachhata Mein Sahbhag; Swachh Bharat, Viksit Bharat” रखा गया है। इसके बाद ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का आयोजन 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान के दौरान वडोदरा मंडल के रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे ट्रैक, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में व्यापक स्वच्छता तथा जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के प्रथम दिवस 17.09.2026 को वडोदरा मंडल के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया। कोचिंग डिपो, रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, इलेक्ट्रिकल डिपो और अन्य रेलवे परिसरों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंडल कार्यालय परिसर में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नीरज धमीजा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, रेलवे परिसरों एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से प्रतापनगर रेलवे स्टेशन तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता संबंधी संदेशों तथा नारों के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को जागरूक किया। प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’, ‘स्वच्छता अपनाएं, स्वस्थ भारत बनाएं’ जैसे संदेशों के जरिए लोगों से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।
जागरूकता रैली का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और यह संदेश देना था कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी और दैनिक आदत होनी चाहिए। रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए यात्रियों, कर्मचारियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
आगामी दिनों में अभियान के तहत CTUs एवं GVPs की सफाई व सौंदर्यीकरण, स्टेशनों एवं ट्रेनों की गहन सफाई, कचरा पृथक्करण एवं प्लास्टिक-मुक्त अभियान, खेल एवं स्वच्छता गतिविधियां, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की सफाई, कबाड़ से कला एवं रीसाइक्लिंग तथा सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
01 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत श्रमदान और 02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर सामूहिक स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
SHS-2026 के प्रथम दिवस की गतिविधियों के माध्यम से वडोदरा मंडल में स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संरक्षण एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिला। स्वच्छता शपथ और जागरूकता रैली के साथ शुरू हुआ यह अभियान आगामी गतिविधियों के जरिए रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य को आगे बढ़ाएगा।