कल्याण डोंबिवली में 'मिशन ग्रीन' शुरू, 30 हजार पेड़ लगाने का संकल्प
अणुव्रत समिति और केडीएमसी ने नेतिवली टेकड़ी से शुरू किया वृक्षारोपण अभियान, शहरी ऑक्सीजन आपूर्ति बढ़ाने पर जोर।
तस्वीर में सदस्य नेतिवली टेकड़ी पर अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का बैनर थामे खड़े हैं।
मुंबई। अणुव्रत समिति क्षेत्र डोंबिवली और कल्याण डोंबिवली महानगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत नेतिवली टेकड़ी पर पर्यावरण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केडीएमसी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत बीपीसीएल के सहयोग से ‘मिशन ग्रीन केडीएमसी’ के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की।
केडीएमसी आयुक्त अभिनव गोयल ने कहा कि आज से तीस हजार पेड़ लगाने के संकल्प की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि शहर को हरित करना है और हर एक व्यक्ति को एक पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए। अभियान के दौरान युवा पीढ़ी की ओर से दिया गया स्लोगन ‘पेड़ लगाओ, सेल्फी निकालो और पालिका के साथ रहो’ भी चर्चा में रहा। आयुक्त ने कहा कि यह उद्घोष बहुत सार्थक दिखने की बात है।
कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका महापौर हर्षाली विजय चौधरी-थविल ने कहा कि पेड़ लगाना जरूरी है, क्योंकि बड़े-बड़े टॉवर खड़े हो रहे हैं। अब ऑक्सीजन की पूर्ति यही पेड़ कर पाएंगे।
इस प्रसंग पर विधायक राजेश मोरे, विधायक सुलभा गायकवाड, गटनेता शिवसेना विश्वनाथ राणे, गटनेता भाजपा शशिकांत कांबले, स्थानीय नगरसेविका रेखा चौधरी, शिक्षा समिति अध्यक्ष अभिजीत थरवल, अणुविभा मीडिया सहसंयोजक महावीर बड़ाला, अणुव्रत समिति मुंबई पर्यावरण प्रभारी अशोक बड़ाला, क्षेत्र संयोजिका रीना कोठारी, सीमा इटोड़िया, तेयुप अध्यक्ष विपिन मेहता, दिनेश श्रीश्रीमाल, विश्वदीप सोलंकी, भरत कच्छारा और अन्य संस्था के पदाधिकारी उपस्थित थे। नेतिवली टेकड़ी पर शुरू हुआ यह अभियान शहर को हरित करने के संकल्प और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आगे बढ़ा।