बीएमसी के एफ साउथ वार्ड द्वारा बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत शिवड़ी के डी. जी. महाजनी मार्ग पर फुटपाथ से अवैध कब्जों और दुकानों को जेसीबी की मदद से हटाया गया.   

मुंबई। मुंबईकरों के लिए फुटपाथ को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से बीएमसी ने गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को शिवड़ी इलाके में बड़ी कार्रवाई की। ‘पेडेस्ट्रियन First’ अभियान के तहत बीएमसी के ‘एफ साउथ’ वार्ड ने डी. जी. महाजनी मार्ग और जेरबाई वाडिया मार्ग पर फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाकर पैदल चलने वालों के लिए रास्ता सुगम कराया।

बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों और बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने 7 अवैध दुकानों, 15 अस्थायी तिरपाल शेड, 2 पक्के कट्टे और 4 लावारिस सामान रखने की जगहों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर रास्ता रोककर बैठे 20 अवैध फेरीवालों को भी वहां से हटा दिया गया।

पूरी कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर प्रशांत सपकाले और असिस्टेंट कमिश्नर वृषाली इंगुले के नेतृत्व में की गई। पर्याप्त पुलिस सुरक्षा बल की मौजूदगी में कार्रवाई को शांतिपूर्वक पूरा किया गया। बीएमसी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से दुकान लगाना या सामान रखना कानूनन गलत है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि फुटपाथ केवल पैदल चलने वालों के लिए हैं। दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद स्थानीय निवासियों ने बीएमसी के कदम की तारीफ की और कहा कि अब उन्हें फुटपाथ पर पैदल चलने में काफी आसानी होगी। इस कार्रवाई से शिवड़ी के संबंधित मार्गों पर पैदल यात्रियों के लिए रास्ता खाली और सुगम बनाया गया है।

Tags: