मुंबई फोर्ट में सायरन की आवाज से न घबराएं, बीएमसी करेगी नए सिस्टम की जांच
सी-डॉट द्वारा विकसित नए प्रोटोटाइप सायरन की कार्यप्रणाली जांचने के लिए बीएमसी 8 और 9 अक्टूबर को फोर्ट में परीक्षण करेगी।
मुंबई। दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में 8 और 9 अक्टूबर 2026 को तेज सायरन की आवाज सुनाई देगी। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि यह किसी खतरे या आपातकालीन स्थिति का संकेत नहीं, बल्कि नए सायरन सिस्टम की निर्धारित तकनीकी जांच है। प्रशासन ने मुंबईकरों से सायरन की आवाज सुनकर घबराने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
बीएमसी के अनुसार, फोर्ट इलाके में नए सायरन सिस्टम का परीक्षण 8 और 9 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस दौरान सायरन बजाया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को तेज आवाज सुनाई देगी। बीएमसी ने कहा है कि यह परीक्षण पहले से तय है और शहर में किसी भी प्रकार का कोई खतरा या आपातकालीन स्थिति नहीं है।
यह नया प्रोटोटाइप सायरन उपकरण ‘सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स’ की टीम ने नई दिल्ली के नागरिक सुरक्षा महानिदेशक के मार्गदर्शन में तैयार किया है। आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को तुरंत सतर्क करने के उद्देश्य से इस आधुनिक सिस्टम को फोर्ट स्थित पुराने सचिवालय और क्रॉस मैदान के पास नागरिक सुरक्षा कॉलेज की इमारतों पर लगाया गया है।
8 और 9 अक्टूबर को होने वाली जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि सायरन सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा है या नहीं। बीएमसी ने इसे पूरी तरह तकनीकी परीक्षण बताते हुए नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों से अपील की है कि वे परीक्षण के दौरान सामान्य दिनचर्या जारी रखें। साथ ही किसी भी अनधिकृत जानकारी या सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विश्वास न करने को कहा गया है। बीएमसी के इस परीक्षण का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को समय पर सतर्क करने वाली सायरन व्यवस्था की कार्यप्रणाली की जांच करना है।