कोरपणा पुलिस थाना क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे विभिन्न अवैध धंधों को लेकर पुलिस अधीक्षक, चंद्रपुर को निवेदन सौंपकर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता तिरुपती कन्नाके और सुधाकर ताजने ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर यह निवेदन सौंपा।

निवेदन में कहा गया है कि कोरपणा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, सट्टा-मटका और ऑनलाइन लॉटरी जैसे कथित अवैध कारोबार खुलेआम चल रहे हैं। इन अवैध गतिविधियों के कारण क्षेत्र की सामाजिक शांति प्रभावित होने के साथ कानून-व्यवस्था का प्रश्न भी निर्माण होने का दावा किया गया है।

निवेदन में कोरपणा पुलिस थाने की ठाणेदार लता वाढवे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें दावा किया गया है कि ठाणेदार के कथित संगनमत से ही ये अवैध धंधे फल-फूल रहे हैं। इसके अलावा संबंधित ठाणेदार के सरकारी नियमों के अनुसार मुख्यालय स्थल पर निवास नहीं करने की शिकायत भी की गई है।

निवेदनकर्ताओं ने वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कोरपणा क्षेत्र में चल रहे सभी कथित अवैध धंधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनका पूरी तरह उन्मूलन करने की मांग रखी गई है, ताकि स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।

इस बीच पुलिस अधीक्षक ने निवेदन को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर कोरपणा क्षेत्र के लोगों की नजर रहेगी।

Tags: