मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर अवैध मलबा डंप करने वाले डंपर जब्त, FIR दर्ज
मुंबई के कांदीवली से लाया गया मलबा हाईवे किनारे फेंकने पर नायगांव पुलिस ने दो डंपर जब्त कर चालकों, मालिकों और ठेकेदार पर मामला दर्ज किया।
मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के किनारे बिना अनुमति मलबा डंप करने के मामले में नायगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हैवी डंपर जब्त किए हैं। पुलिस ने डंपर मालिक, चालक और अवैध रूप से मलबे की लोडिंग-आलोडिंग करने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हाईवे किनारे कचरा, कांक्रीट और सीमेंट का मलबा फेंके जाने से प्रदूषण फैलने के साथ दुर्घटना की आशंका और ट्रैफिक में रुकावट की स्थिति बनती है।
19 सितंबर 2026 की रात करीब 09.30 बजे नायगांव पुलिस स्टेशन की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर वसई पूर्व स्थित बापाने पुलिस चौकी से दो किलोमीटर की दूरी पर वासमारे रेलवे ब्रिज के पास दो हैवी डंपर क्रमांक MH 47 BY 0549 और मोटर गाड़ी नंबर MH 04 MH 5526 हाईवे किनारे बिना अनुमति रैबिट बिल्डिंग का टूटा हुआ सीमेंट कांक्रीट और खराब कचरा (मलबा) डंप करते मिले।
पुलिस के अनुसार हाईवे किनारे इस तरह मलबा और कचरा फेंकना गैरकानूनी है और अपराध माना जाता है। गश्त कर रही पुलिस टीम ने दोनों डंपर चालकों को डंपर सहित हिरासत में लिया और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह मलबा मुंबई के कांदीवली स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट से उठाया गया था। मीरा रोड पूर्व निवासी 43 वर्षीय विनोद कुमार शामलाल सरोज के डंपर चालक कल्लप्पा ए मलप्पा चव्हाण और चालक चंद्रभूषण जोगी सरोज के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस टीम ने मालिक अशोक सिंह, लल्ला रामनगीना यादव और मालिक लक्ष्मण जोशी के खिलाफ शिकायत दर्ज की।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारी की शिकायत पर नायगांव पुलिस स्टेशन के पीआई संजय हजारे ने डंपर मालिक, चालक और अवैध रूप से मलबे की लोडिंग-आलोडिंग करने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने सेक्शन 125, 285 और महाराष्ट्र प्रॉपर्टी डिफेसमेंट प्रिवेंशन के तहत मामला दर्ज किया है।
हाईवे के किनारे मलबा डंप किए जाने की इस कार्रवाई में दो डंपरों को जब्त कर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। मामले में मलबे के स्रोत और उसे हाईवे किनारे डंप किए जाने से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ रही है।