तस्वीर में आचोले पुलिस थाने में पुलिस अधिकारी एक महिला को बरामद सामान सौंपते हुए।

मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की आचोले पुलिस ने ऑटो रिक्शा में छूटा 3 लाख 40 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषणों और अन्य कीमती सामान से भरा बैग महज चंद घंटों में खोजकर महिला को वापस लौटा दिया। बैग वापस मिलने के बाद महिला ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

नालासोपारा पूर्व के आचोले निवासी श्यामदुलारी सुरेश गुप्ता, उम्र 43 वर्षीय, 19 सितंबर 2026 को आचोले रोड स्थित द्वारका होटल से ऑटो रिक्शा से वसई रेलवे स्टेशन जा रही थीं। अपने स्थान पर उतरने के दौरान गड़बड़ी में वह अपना बैग ऑटो रिक्शा में ही भूल गईं। बैग में कीमती सामान और सोने के आभूषण थे। घर पहुंचने के बाद उन्हें बैग के गुम होने का पता चला।

इसके बाद श्यामदुलारी सुरेश गुप्ता ने आनन-फानन में आचोले पुलिस स्टेशन पहुंचकर बैग गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट मिलते ही आचोले पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुजित कुमार पवार ने मामले की छानबीन शुरू कर दी।

पीआई के नेतृत्व में एपीआई मानिकराव पाटील, पीएसआई तुकाराम भोपले और उनकी टीम ने ऑटो स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर ऑटो रिक्शा की पहचान की और उसका नंबर हासिल किया। इसके बाद पुलिस टीम ने ऑटो रिक्शा चालक को ढूंढ निकाला।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर ऑटो रिक्शा चालक ने बैग उसके पास होने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके पास से बैग बरामद किया। बैग की जांच करने पर उसमें मौजूद कीमती सोने की चेन, अंगूठियां और अन्य सोने के आभूषण सही-सलामत मिले।

इस तरह आचोले पुलिस ने ऑटो रिक्शा में छूटा 3 लाख 40 हजार रुपये कीमत का कीमती सामान बरामद कर महिला को वापस लौटा दिया। अपने गुम हुए लाखों रुपये कीमत के आभूषण वापस मिलने पर श्यामदुलारी सुरेश गुप्ता ने पीआई और बैग खोजने वाली पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Tags: