तस्वीर में सड़क किनारे खड़े छोटे ट्रक में इंडेन गैस रिफिल के सिलेंडर लदे हुए दिखाई दे रहे हैं।

अमरावती। मोर्शी तहसील के गांवों में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में वाहन चालक की लापरवाही के चलते दिव्यांगजन, बुजुर्ग और बीमार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांवों में सिलेंडर पहुंचाने वाला वाहन समय-बेसमय पहुंचने के साथ मुख्य चौक पर जाने के बजाय गांव के बाहर एक कोने में खड़ा कर सिलेंडर वितरित किए जाने की शिकायत सामने आई है।

मोर्शी तहसील में इंडेन गैस एजेंसी की ओर से तहसील के गांवों में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं। लेकिन कुछ दिनों से गांवों में सिलेंडर पहुंचाने वाला वाहन निर्धारित समय पर नहीं पहुंच रहा है और मुख्य चौक तक भी नहीं ले जाया जा रहा है। इसके चलते दिव्यांगजन, बुजुर्ग तथा बीमार लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए दूर जाने में दिक्कत पैदा हो रही है।

इस समस्या से राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के अमरावती जिला उपाध्यक्ष सोमेश्वर शहाणे ने मोर्शी उपविभागीय अधिकारी प्रदीप कुमार पवार तथा पुरवठा निरीक्षक सागर बगाडे को अवगत कराया। शिकायत की जानकारी मिलने के बाद उपविभागीय अधिकारी प्रदीप कुमार पवार तथा पुरवठा निरीक्षक सागर बगाडे ने तत्काल तहसील के गांवों में गैस सिलेंडर वितरित करने वाली कटारिया एजेंसी को परिस्थितियों से अवगत कराया।

अधिकारियों ने गैस रिफिल वितरण करने वाले वाहन को गांव के मुख्य चौक तक ले जाने के आदेश दिए हैं, ताकि दिव्यांगजन, बुजुर्ग और बीमार लोगों को सिलेंडर लेने में परेशानी न हो।

बताया जा रहा है कि यदि एजेंसी द्वारा अधिकारियों के दिए गए आदेश का पालन नहीं किया गया तो राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी आंदोलन की तैयारी में है। ऐसे में अब गैस सिलेंडर वितरण वाहन को मुख्य चौक तक पहुंचाने के प्रशासनिक आदेश के पालन पर नजर बनी हुई है।

Tags: