तस्वीर में भोपाल के एक होटल में आयोजित अपना दल (एस) के स्वागत समारोह के दौरान मंच पर मौजूद पदाधिकारी और सामने बैठे कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं।

भोपाल में सोमवार को अपना दल (एस) के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। होटल अशोका लिगेसी में हुए कार्यक्रम में प्रदेश के 33 जिलों से आए नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और 31 प्रदेश पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। समारोह में संगठन विस्तार के साथ सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रदेशभर में प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह पटेल रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव कालका प्रसाद पटेल और राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

मुख्य अतिथि आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) की संगठनात्मक ताकत बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में लगातार भ्रमण किया जा रहा है। पार्टी सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

राष्ट्रीय सचिव कालका प्रसाद पटेल ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में अपना दल (एस) को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक रूप से तैयार किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में सर्वे के माध्यम से संभावनाओं वाली सीटों को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ जनता के बीच ले जाएगी। पिछड़े वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सहित सामाजिक न्याय के विषयों को प्रमुखता से उठाने की बात भी उन्होंने कही।

प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने कहा कि अपना दल (एस) व्यवस्था परिवर्तन और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल द्वारा पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जा रहा है। इन्हीं विषयों को लेकर संगठन मध्य प्रदेश में जनता के बीच पहुंच रहा है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

समारोह में अमृतलाल पटेल, एस.आर. नागले, सीताशरण सिंह, सुखेंद्र सिंह, राजेश कुमार पाल, रोशन पटेल, अर्जुन सिंह पटेल, मनभरन कोल, बृजभान सिंह, नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र पटेल, विजय सिंह, राजेश्वर मिश्रा, विजय पटेल, रोहित चंदेल, मोहित गुप्ता, बाबूराम शेषकर, डॉ. सुरेंद्र नाहर, कैलाश वाईकर, डॉ. एन.पी. कनाटे, डॉ. आर.के. सनोड़िया, डॉ. रमेश कुमार उसरेटे, एडवोकेट राघव पटेल, अनिल जायसवाल, प्रदीप पटेल, मनोज पटेल, मनीष सरवैया और हरदास कुशवाहा सहित पार्टी के विभिन्न मंचों एवं जिलों से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही संगठन को प्रदेशभर में मजबूत बनाने और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।