तस्वीर में विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधि कोटा में हिंदू समागम का पोस्टर जारी करते हुए।   

कोटा में 2 अक्टूबर को विश्व हिंदू परिषद चित्तौड़ प्रांत की ओर से भव्य हिंदू समागम का आयोजन किया जाएगा। विहिप के श्रद्धेय स्वर्गीय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले इस आयोजन में कोटा संभाग के सभी जिलों से कार्यकर्ता और समाजजन शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन होंगे।

दशहरा मैदान स्थित श्री राम रंगमंच पर होने वाले हिंदू समागम को लेकर कोटा महानगर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विहिप कोटा महानगर की ओर से शहरभर में पोस्टर और बैनर लगाकर नागरिकों को सादर आमंत्रित किया जा रहा है।

विहिप के प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा ने बताया कि हिंदू समागम 2 अक्टूबर शुक्रवार को शाम 4 बजे से 6 बजे तक श्री राम रंगमंच, दशहरा मैदान कोटा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. सुरेंद्र जैन होंगे।

विश्व हिंदू परिषद के सह प्रचार प्रमुख सुनील पोकरा ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग टोलियां बनाई गई हैं। उन्होंने कोटा के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे दशहरा मैदान पहुंचकर हिंदू समागम को सफल बनाने की अपील की है।

कार्यक्रम के निवेदक कोटा महानगर अध्यक्ष श्रीनाथ मित्तल और महानगर मंत्री आशीष शर्मा ने बताया कि कोटा संभाग के सभी जिलों से कार्यकर्ता और समाजजन इस समागम में शामिल होंगे। समागम में धर्म रक्षा, सामाजिक समरसता, हिंदू समाज के वर्तमान दायित्व और अशोक सिंघल जी के जीवन दर्शन पर मुख्य वक्ता का उद्बोधन होगा।

विभाग मंत्री नंदलाल प्रजापत, उपाध्यक्ष सुरेश मीणा और प्रचार प्रमुख रामबाबू मालव ने बताया कि समागम में साधु-संतों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। शहर के सभी प्रखंडों और बस्तियों में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है।

डॉ. सुरेंद्र जैन अपने उद्बोधन में हिंदू समाज के समक्ष वर्तमान चुनौतियों, लव जिहाद, धर्मांतरण और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर बात रखेंगे। विहिप का कहना है कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिंदू समाज को एक मंच पर एकत्रित कर राष्ट्र और धर्म के प्रति कर्तव्यों का बोध कराने का प्रयास है।

अशोक जी सिंघल विश्व हिंदू परिषद के संस्थापक सदस्यों में से एक और लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। उन्हें श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है। उनका जन्म 27 सितंबर 1926 को हुआ था और 2026-27 को संगठन उनके जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मना रहा है। पूरे देश में इसी कड़ी में हिंदू सम्मेलन और समागम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उनकी हिंदू समाज को संगठित करने की विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। कोटा का 2 अक्टूबर का हिंदू समागम भी इसी आयोजन श्रृंखला का हिस्सा होगा।

Tags: