अनुसुईया गोस्वामी के नाम पर भाजपा की मुहर, कोटा में महापौर पद की तस्वीर साफ
कोटा में भाजपा ने अनुसुईया गोस्वामी को महापौर प्रत्याशी बनाया। 57 पार्षदों के बहुमत के बीच नाम तय होते ही गणेश तालाब कार्यालय पर जश्न मनाया गया।
तस्वीर में सड़क पर ढोल बजाते और जश्न मनाते हुए लोग नजर आ रहे हैं।
कोटा में महापौर पद के लिए भाजपा ने वार्ड 98 की पार्षद अनुसुईया गोस्वामी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में भाजपा के 57 पार्षद होने के कारण पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है। हालांकि महापौर पद का चुनाव 25 सितंबर को होना है, ऐसे में अनुसुईया गोस्वामी का महापौर बनना लगभग तय माना जा रहा है।
भाजपा की ओर से अनुसुईया गोस्वामी का नाम तय होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिला प्रवक्ता महेश आहुजा ने बताया कि प्रत्याशी के रूप में नाम तय होने की सूचना मिलते ही गणेश तालाब स्थित चुनाव कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने अनुसुईया गोस्वामी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर खुशी जताई गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वश्रेष्ठ है। उनके अनुसार अनुभवी अनुसुईया गोस्वामी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए महिला कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत किया है। विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने लगातार संघर्ष किया। भाजपा के 57 पार्षद होने के कारण पार्टी के पास महापौर पद के लिए स्पष्ट बहुमत है। कोटा नगर निगम में कांग्रेस के 39 और निर्दलीय 4 पार्षद हैं।
अनुसुईया गोस्वामी ने वार्ड 98 से जीत हासिल की थी। उनका नाम पहले से ही महापौर पद के लिए चर्चा में था, लेकिन पार्टी की ओर से नाम पर अंतिम मुहर लगते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। वार्ड के लोगों ने एकत्र होकर ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
इस अवसर पर अनुसुईया गोस्वामी के पति शिवराज गोस्वामी, उनकी दोनों पुत्रियां दिशा गोस्वामी तथा उनके परिवारजन मौजूद रहे। इनके साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता महेश आहूजा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम पेशवानी, दिनेश बलवाला, सीमा बलवाला, मुकेश मलगानी, कमल जैन, पूर्व पार्षद रेखा जैन, नरेंद्र जाजपुरा, पूर्व पार्षद गायत्री जाजपुरा, सोनिया आहूजा, विजय आहूजा, निखिल गेरा, प्रकाश नवलानी, परितोष बंगाली, शाहिद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा ने 19 सितंबर को अनुसुईया गोस्वामी को महापौर पद का प्रत्याशी घोषित कर उनका नामांकन भी दाखिल कराया था। अब महापौर चुनाव की प्रक्रिया में 21 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 22 सितंबर तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 25 सितंबर को निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा।