तस्वीर में चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में धार्मिक आयोजन के दौरान उपस्थित लोग नजर आ रहे हैं।   

रिद्धि-सिद्धि नगर स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को पर्युषण महापर्व के अंतर्गत उत्तम सत्य धर्म का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। उत्कृष्ट समाधि साधक आचार्य श्री विराग सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा गणधर मुनि श्री विवर्धन सागर जी महाराज एवं मुनि श्री विश्वनायक सागर जी महाराज के सानिध्य में दिनभर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए।

पर्व की शुरुआत प्रात:काल ध्यान शिविर से हुई। इसमें श्रद्धालुओं को ह्रीं में विराजित 24 तीर्थंकरों का ध्यान कराया गया। इसके बाद भगवान का अभिषेक, पूजन एवं शांतिधारा की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत मुनि श्री विवर्धन सागर जी महाराज का मंगल प्रवचन हुआ।

उत्तम सत्य धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुनि श्री विवर्धन सागर जी महाराज ने कहा कि व्यक्ति जब मान अथवा लोभ के वशीभूत होता है तो वह झूठ का सहारा लेने लगता है। लगातार असत्य का अवलंबन करने वाला व्यक्ति स्वयं अपने जीवन को अधोगति की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि सत्य धर्म का पालन करना सहज नहीं है, इसके लिए आत्मसंयम, त्याग और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है।

मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि पर्व के अवसर पर पाद प्रक्षालन का सौभाग्य नाथूलाल, अशोक कुमार, संजय, बालेश एवं अनुराग सांवला परिवार को प्राप्त हुआ।

Tags: