कोटा के दाधीच गार्डन में आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के समापन समारोह में पुरस्कार एवं ट्रॉफी के साथ विजेता छात्र और परिषद् पदाधिकारी।   

कोटा। भारत विकास परिषद्, राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को कोटा के दाधीच गार्डन में आजाद शाखा के आतिथ्य में संपन्न हुई। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 46 देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों के बीच कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के 170 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 300 से अधिक परिषद् सदस्यों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में आदर्श भवानी मंडी शाखा की टीम ने हिंदी एवं संस्कृत समूहगान में प्रथम स्थान प्राप्त कर 15 नवंबर को जयपुर में होने वाली क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया।

प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती सुनीता गोयल जौली ने बताया कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति, अनुशासन एवं संस्कारों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रीय एकता, सामूहिकता, आत्मविश्वास एवं देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है।

प्रांतीय महासचिव पराग टोंग्या ने बताया कि कार्यक्रम में एसएसआई फाउंडर एवं प्रसिद्ध समाजसेवी-व्यवसायी श्री गोविंदराम जी मित्तल, राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) निमित्त चौधरी, राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. विमला डूकवाल, डीआईजी स्टाम्प श्री अनिल सिंघल, भारत विकास परिषद् के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री श्री श्याम शर्मा, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री अरविंद गोयल, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य (संस्कार) श्री रवि प्रकाश विजय, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव श्री कमल सुरेखा तथा क्षेत्र पर्यवेक्षक एवं क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक (संस्कार) श्री रवि शंकर मुंदड़ा उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विकास परिषद् की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक संस्कारों के विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामूहिकता एवं आत्मविश्वास की भावना जागृत करते हैं। देशभक्ति गीतों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश मिलता है। अतिथियों ने परिषद् के इस प्रयास की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि प्रतियोगिता में सहभागिता करना भी अपने आप में एक उपलब्धि है।

प्रतियोगिता में हिंदी समूहगान की 17, संस्कृत समूहगान की 17 तथा प्रादेशिक भाषा के लोकगीत गायन की 11 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान बाल बाधित मूक बधिर विद्यालय के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। उनकी सहभागिता ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्री दिनेश चौहान, श्रीमती प्रेरणा शर्मा, श्रीमती नमिता सक्सेना, तरुणा शर्मा एवं श्री तुलसीदान जी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

प्रांतीय संयोजक संस्कार महावीर शर्मा ने बताया कि हिंदी एवं संस्कृत समूहगान प्रतियोगिता में आदर्श भवानी मंडी शाखा से स्वामी विवेकानंद स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राइड पब्लिक स्कूल, आजाद शाखा की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि लॉरेंस एंड मेयो पब्लिक स्कूल, शिवाजी शाखा कोटा की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

लोकगीत गायन प्रतियोगिता में शिवाजी शाखा, कोटा ने प्रथम तथा रावतभाटा शाखा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हिंदी एवं संस्कृत समूहगान में प्रथम स्थान हासिल करने वाली आदर्श भवानी मंडी शाखा की टीम अब 15 नवंबर को जयपुर में आयोजित होने वाली क्षेत्र स्तरीय समूहगान प्रतियोगिता में राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रतियोगिता के समापन सत्र में सम्मानित अतिथियों ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इसके साथ ही सभी 170 से अधिक प्रतिभागी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र, बैग एवं पानी की बोतल देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को बैग और पानी की बोतल एलन परिवार के माध्यम से भेंट की गई, ताकि विद्यार्थियों के प्रयासों एवं सहभागिता को प्रोत्साहित किया जा सके।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् चिकित्सालय सेवा संस्थान से श्री राजकुमार गुप्ता, श्री अशोक वशिष्ठ एवं श्री ओमप्रकाश विजय, क्षेत्रीय संयोजक प्रकाशन श्री अरविंद गर्ग, प्रांतीय संगठन सचिव श्री दिनेश खुवाल, श्रीमती उमा पालीवाल, आयोजक शाखा अध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा, समूहगान प्रभारी श्रीमती पूर्णिमा गुप्ता, श्री दीपक मेहता, श्री रोहित विजय, श्री देवेंद्र शर्मा, श्रीमती सुषमा शर्मा, श्री अमन जैन, श्री नितिन सक्सेना एवं श्रीमती अंबिका शर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महासचिव श्री पराग जैन टोंग्या एवं प्रांतीय संयुक्त महासचिव श्रीमती कविता शर्मा ने किया। अंत में आजाद शाखा के सचिव श्री डी.पी. शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। भारत विकास परिषद् की इस प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में देशभक्ति गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता एवं संस्कारों का संदेश दिया।

Tags: