सांगोद के दिल्लीपुरा में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर (बीच में) की उपस्थिति में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।   

सांगोद। आगामी पंचायत चुनावों से ठीक पहले सांगोद क्षेत्र के दिल्लीपुरा गांव में कांग्रेस को राजनीतिक झटका लगा है। राजपूत समाज, अनुसूचित जाति (एससी) समाज और अन्य वर्गों के दर्जनों प्रमुख कार्यकर्ताओं व नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस घटनाक्रम के साथ ही क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा को समर्थन मिलने की बात सामने आई है।

भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने माल्यार्पण कर स्वागत किया और पार्टी का दुपट्टा पहनाकर उन्हें आधिकारिक रूप से सदस्यता दिलाई। भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने वालों में अखराज सिंह (जम्मू बना), अर्जुन सिंह, जसवंत सिंह, मनोज सिंह, लक्ष्मण सिंह, रामस्वरूप वर्मा, बनवारी वर्मा, हरिओम मेघवाल और सीताराम सुमन शामिल हैं।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में जनकल्याण और बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की पारदर्शी एवं विकासपरक नीतियों से प्रभावित होकर जनता और कार्यकर्ता लगातार भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं। नए साथियों के पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान राजपूत समाज और एससी समाज के प्रतिनिधियों ने आगामी पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण एवं एकतरफा समर्थन देने की सार्वजनिक घोषणा की। भाजपा में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं ने भी पंचायत स्तर पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प जताया।

इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा, महावीर सिंह खरकनाखेड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नवागत कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए एकजुटता का संदेश दिया। आगामी पंचायत चुनावों से पहले दिल्लीपुरा में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम को क्षेत्र में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी समर्थन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tags: