रोटरी क्लब कोटा के डांडिया रासोत्सव 2026 का पोस्टर विमोचन, 18 अक्टूबर को होगा आयोजन
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कोटा में आयोजित होने वाले डांडिया रासोत्सव में गुजरात की विशेष टीम और फीमेल डीजे लाइव प्रस्तुति देंगे।
कोटा स्थित रोटरी क्लब परिसर में डांडिया रासोत्सव 2026 का पोस्टर विमोचन करते क्लब पदाधिकारी (बाएं से दाएं: स्वप्निल गुप्ता, जयंत उपाध्याय, मुकेश चौधरी, लक्ष्मण सिंह खींची, मुकेश व्यास, संजय जैन और संजय गोयल)।
कोटा। रोटरी क्लब कोटा की ओर से आयोजित होने वाले डांडिया रासोत्सव 2026 की तैयारियों के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर को क्लब परिसर में कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले इस रासोत्सव में गुजरात की विशेष डांडिया टीम की लाइव प्रस्तुति, फीमेल डीजे और गुजराती थीम पर आधारित सजावट आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर क्लब अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची, क्लब लर्निंग फैलिसिटेटर मुकेश व्यास, गणमान्य सदस्य संजय जैन, संजय गोयल और स्वप्निल गुप्ता, क्लब सचिव मुकेश चौधरी तथा सह सचिव जयंत उपाध्याय उपस्थित रहे।
क्लब सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि डांडिया रासोत्सव का आयोजन रविवार, 18 अक्टूबर को रात 8 बजे श्री धरणीधर गार्डन, खड़े गणेशजी रोड, कोटा में किया जाएगा। यह विशेष आयोजन रोटरी क्लब कोटा के सदस्यों और उनके परिवारों के लिए रखा गया है।
प्रोजेक्ट चेयरमैन संजय जैन ने बताया कि गुजराती थीम पर आधारित इस भव्य रासोत्सव में पहली बार गुजरात की विशेष डांडिया टीम लाइव प्रस्तुति देगी। कार्यक्रम में फीमेल डीजे, शानदार साउंड सिस्टम, आकर्षक सजावट और स्वादिष्ट डिनर की व्यवस्था भी रहेगी। इसके साथ ही पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
क्लब अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य मनोरंजन के साथ सदस्यों और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, आत्मीयता और फेलोशिप को मजबूत करना है। प्रवक्ता संजय गोयल के अनुसार, क्लब की अनुभवी प्रोजेक्ट टीम आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी हुई है। रोटरी क्लब कोटा का यह आयोजन सदस्यों और उनके परिवारों को पारंपरिक डांडिया, सांस्कृतिक गतिविधियों और आपसी मेलजोल का अवसर प्रदान करेगा।