रितु बराला मामला: जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर कांग्रेस का धरना, FIR की मांग
एनएसयूआई सचिव रितु बराला के साथ कथित मारपीट और अमर्यादित व्यवहार के मामले में कांग्रेस ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर प्रदर्शन कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर रितु बराला मामले में धरना प्रदर्शन करती कांग्रेस पार्टी।
रितु बराला के साथ कथित मारपीट और अमर्यादित व्यवहार के मामले ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का रूप ले लिया। एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुईं तथा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए राखी गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाना अस्वीकार्य है। उन्होंने मांग की कि रितु बराला की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने में मदद मिलेगी।
राखी गौतम ने कहा कि किसी भी महिला के साथ अमर्यादित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और महिलाओं के सम्मान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ऐसे मामलों में न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद रखेगी।
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने बताया कि जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में पार्षद अनुराग गौतम, मनीष गौतम और पूर्व पार्षद प्रफुल पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रितु बराला प्रकरण को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को प्रमुखता से उठाया। पार्टी ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखने की बात कही।