कोटा में पोरवाल युवक संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय डांडिया रास महोत्सव का समापन.   

कोटा में पोरवाल युवक संघ की ओर से आयोजित तीन दिवसीय डांडिया रास महोत्सव 2026 का 18 अक्टूबर को उत्साह, उमंग और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। 16 से 18 अक्टूबर तक चले इस महोत्सव में समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक परिधानों और मनमोहक डांडिया प्रस्तुतियों के बीच आयोजन ने पोरवाल समाज को सांस्कृतिक एकता के मंच पर एकजुट किया।

पोरवाल युवक संघ, कोटा के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का संयोजन पोरवाल महिला शक्ति मंच एवं डांडिया आयोजन समिति के सौजन्य से किया गया। डांडिया रास के विभिन्न राउंड में प्रतिदिन लगभग 80 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, समाज की 500 से अधिक महिलाओं एवं पुरुषों की सहभागिता ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। तीनों दिन प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समाज के लोगों ने आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की।

महोत्सव के प्रथम दिवस पर डॉ. श्रीमती मीनू बिरला, अध्यक्ष सभा नं. 108 सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। दूसरे दिन कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप जी शर्मा, उपमहापौर श्री विवेक जी राजवंशी, पार्षद श्री सुनील जी गौतम, श्री लोकेश जी गुप्ता तथा सीमा सुरक्षा बल (BSF) में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर रहे श्री प्रभाकर जोशी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

द्वितीय दिवस पर ऑपरेशन सिंदूर में श्री प्रभाकर जोशी के शौर्य एवं साहसपूर्ण योगदान के सम्मान में पोरवाल महिला शक्ति मंच की ओर से विशेष प्रस्तुति दी गई। उपस्थितजनों ने इस प्रस्तुति की सराहना की।

समापन समारोह में श्री राजेश बिरला, चेयरमेन नागरिक सहकारी बैंक, श्री आनंद राठी, समाज सेवी, राकेश जैन, शहर अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पवन जैन सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत की। पोरवाल युवक संघ के अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता एवं महामंत्री जगदीश गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अतिथियों ने समाज की एकता बनाए रखने, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और डांडिया रास के राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रायोजकों के सहयोग से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कारों के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया गया और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में समाज के प्रमुखजनों, सहयोगकर्ताओं, प्रायोजकों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से तीन दिवसीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पोरवाल युवक संघ एवं महिला शक्ति मंच के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस महोत्सव ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों को एक मंच पर लाकर पारंपरिक संस्कृति, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

समापन पर पोरवाल महिला शक्ति मंच की संयोजिका श्रीमती मंगला गुप्ता एवं सचिव श्रीमती रेणु गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, प्रायोजकों, समाजबंधुओं तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Tags: