कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी की ‘रिसर्च मेड सिंपल’ पुस्तक का राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने किया विमोचन
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर में एजुस्किल्स समिट 2026 के दौरान प्रो. निमित चौधरी की शोध मार्गदर्शिका पुस्तक का विमोचन किया।
तस्वीर में जयपुर में आयोजित समिट के दौरान राज्यपाल को पुस्तक भेंट करते प्रो. निमित चौधरी व अन्य अतिथि।
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी की पुस्तक ‘रिसर्च मेड सिंपल: ए बिगिनर्स गाइड’ का जयपुर में आयोजित ‘एजुस्किल्स समिट 2026’ के दौरान राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने विमोचन किया। पुस्तक के विमोचन अवसर पर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने प्रो. निमित चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रो. चौधरी ने राज्यपाल का आभार प्रकट किया।
आरटीयू के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि पुस्तक के माध्यम से शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अनुसंधान की मूल अवधारणाओं तथा प्रक्रियाओं को सरल एवं सहज रूप में समझाया गया है। पुस्तक में शोध कार्य की प्रक्रिया को समझने के साथ अनुसंधान के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और शोध कार्य को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया है।
प्रो. चौधरी ने कहा कि ‘रिसर्च मेड सिंपल: ए बिगिनर्स गाइड’ के माध्यम से शोधार्थियों को शोध कार्य की प्रक्रिया को समझने, अनुसंधान के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अपने शोध कार्य को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
पुस्तक के प्रकाशक यूनाइटेड किंगडम के ऑक्सफोर्डशायर स्थित टेलर एंड फ्रांसिस (राऊटलेज) हैं, जो विश्व के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अकादमिक शोध प्रकाशन समूहों में से एक है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि पुस्तक लिखने का प्रमुख उद्देश्य शोध के क्षेत्र में नए कदम रखने वाले विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए अनुसंधान को सरल, व्यावहारिक और समझने योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि शोधार्थियों को अनुसंधान की बुनियादी समझ के साथ-साथ तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध नैतिकता पर भी ध्यान देना चाहिए।
प्रो. चौधरी ने आशा व्यक्त की कि पुस्तक इसी दिशा में एक उपयोगी मार्गदर्शिका के रूप में कार्य करने का प्रयास है। पुस्तक के विमोचन अवसर पर उपस्थित शिक्षाविदों एवं गणमान्य जनों ने कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी को बधाई दी। पुस्तक शोध के क्षेत्र में नए प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अनुसंधान की जटिल प्रक्रियाओं को सरलता से समझने में सहायक मार्गदर्शिका के रूप में प्रस्तुत की गई है।