तस्वीर में मंच पर पुरस्कार लेते और नजर आ रहे सिनेमैटोग्राफर विकास सक्सेना व अन्य लोग।

कोटा के निवासी और प्रख्यात सिनेमैटोग्राफर (DOP) विकास सक्सेना को राजस्थानी फिल्म ‘बैरन’ में उत्कृष्ट छायांकन (Cinematography) के लिए राजस्थान सिनेमा अवॉर्ड्स (RCA 2026) में सर्वश्रेष्ठ डीओपी (बेस्ट सिनेमैटोग्राफर) के सम्मान से नामांकित किया गया है। यह उपलब्धि हाड़ौती की धरा और कोटा शहर के लिए गौरव का विषय बनी है।

राजस्थान सिनेमा अवॉर्ड्स के 7वें वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन ‘द विंटेज विलेज रिसॉर्ट’, चौमूं (जयपुर) में किया गया। राज्यस्तरीय समारोह में राजस्थान सिनेमा जगत की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।

निर्देशक जी. नटराज के निर्देशन में बनी राजस्थानी फिल्म ‘बैरन’ में विकास सक्सेना ने अपनी सिनेमैटोग्राफी के जरिए हर दृश्य को पर्दे पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया है। फिल्म के दृश्यों, लाइटिंग और कैमरे के प्रयोग को समीक्षकों एवं दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया है।

फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में रिया सैनी, अभिषेक शर्मा, राखी रंगीली, हंसा रंगीली और विशा पाराशर, मुकेश छैला और संतोष कंवर जैसे लोकप्रिय कलाकारों ने अभिनय किया है। कलाकारों के सशक्त अभिनय और उत्कृष्ट कैमरा वर्क ने फिल्म को एक अलग ही ऊंचाई प्रदान की है।

विकास सक्सेना को मिले इस राज्यस्तरीय सम्मान की खबर मिलते ही कोटा शहर के कला एवं सिनेमा जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय कलाकारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी तथा भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विकास सक्सेना ने इस सफलता का श्रेय फिल्म के निर्देशक जी. नटराज, समस्त स्टार कास्ट, क्रू मेंबर्स तथा कोटावासियों के अटूट प्रेम और आशीर्वाद को दिया है। ‘बैरन’ के लिए मिला यह सम्मान विकास सक्सेना की सिनेमैटोग्राफी को राज्यस्तरीय मंच पर मिली पहचान को रेखांकित करता है।

Tags: