महाराजा अग्रसेन जयंती पर कोटा में सप्ताहभर होंगे विविध आयोजन, 27 सितंबर से शुरुआत
कोटा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर 27 सितंबर से सप्ताहभर कार्यक्रम होंगे। निःशुल्क चिकित्सा शिविर, शोभायात्रा और सम्मान समारोह होंगे।
तस्वीर में बैठक के दौरान हॉल में बैठे हुए लोग नजर आ रहे हैं।
कोटा में महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, कोटा संभाग एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में सप्ताहभर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयंती समारोह का शुभारंभ 27 सितंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र परामर्श एवं चिकित्सा शिविर से होगा।
संभागीय महामंत्री संजय गोयल ने बताया कि 27 सितंबर को टीलेशवर महादेव मंदिर, टीलेशवर चौराहा पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में कोटा के प्रसिद्ध चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
जयंती समारोह के तहत 4 अक्टूबर को नयापुरा अग्रसेन चौराहे पर महाराजा अग्रसेन जी का 101 किलो दूध से अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही श्राद्ध शनि अमावस्या पर नयापुरा अग्रसेन चौराहे पर विशाल आम भंडारा एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके बाद महाराजा अग्रसेन जी की चांदी की पालकी में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा गीता भवन से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नयापुरा स्टेडियम पहुंचेगी। यहां महाआरती के साथ शोभायात्रा का समापन होगा।
जयंती समारोह के दौरान एमबीएस एवं जेके लोन अस्पताल में मरीजों को फल एवं खाद्य सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। महिला मंडल की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। वहीं, 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अग्रवाल समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाजसेवा, धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की रूपरेखा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता संभागीय अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने की।
बैठक में संभागीय उपाध्यक्ष डॉ. राहुल मित्तल, प्रमोद अग्रवाल, गजानंद सिंघल, मनोज गोयल, विशाल अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, कमला मित्तल, रूपा अग्रवाल, भावना अग्रवाल, अनीता गुप्ता, किरण अग्रवाल, संभागीय महिला अध्यक्ष किरण गोयल, संभागीय महामंत्री किरण गोयल सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।