घोड़ाबस्ती स्कूल को बड़ी सौगात, 27 लाख की लागत से बनेंगे चार नए कक्षा-कक्ष
कोटा के घोड़ाबस्ती स्कूल में राउंड टेबल 281 करीब 27 लाख रुपये की लागत से चार नए कक्षा-कक्ष बनाएगी। भूमिपूजन के साथ निर्माण शुरू हुआ।
तस्वीर में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, घोड़ाबस्ती में भूमिपूजन के दौरान बैठे हुए लोग नजर आ रहे हैं.
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, घोड़ाबस्ती में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राउंड टेबल 281 की ओर से करीब 27 लाख रुपये की लागत से चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य के लिए विधिवत भूमिपूजन के साथ प्रक्रिया शुरू हुई।
कार्यक्रम में राउंड टेबल 281 के चेयरमैन सारांश मित्तल, प्रोजेक्ट कन्वीनर निमिष अग्रवाल, सिद्धार्थ पोद्दार, मुदित गोयल और ऋषि जैन उपस्थित रहे। निर्माण के बाद विद्यालय में विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होंगे।
चेयरमैन सारांश मित्तल ने बताया कि नवनिर्मित चारों कक्षा-कक्षों को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप फर्नीचर से सुसज्जित किया जाएगा। इससे विद्यालय में अध्ययन के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
सारांश मित्तल ने बताया कि राउंड टेबल 281 पिछले 10 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा कार्य कर रही है। संस्था की ओर से अब तक 52 से अधिक कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जा चुका है। घोड़ाबस्ती विद्यालय में चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण इसी शैक्षणिक सुविधा विस्तार की पहल का हिस्सा है।