कोटा के वैष्णो देवी मंदिर में महाअष्टमी पर पूजा करते श्रद्धालु।

कोटा। दादाबाड़ी स्थित वैष्णो देवी ज्योति मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के तहत महाअष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार और माता रानी के जयकारों की गूंज रही। इस अवसर पर हवन-पूजन, कन्या पूजन और 56 भोग अर्पित करने सहित विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

महाअष्टमी पर प्रातःकाल से ही मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य हवन-पूजन, कन्या पूजन और महाभोग का अनुष्ठान संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए उन्हें 56 भोग का प्रसाद अर्पित किया।

अष्टमी की विशेष महाआरती के बाद माता रानी के दिव्य और अलौकिक श्रृंगार का प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं में वितरण किया गया। प्रसाद प्राप्त कर भक्त भावविभोर हो उठे। मंदिर में आयोजित इन अनुष्ठानों के साथ महाअष्टमी का पर्व भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

मंदिर के प्रबंधक सनमीत सिंह बंटी ने बताया कि नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि अनुष्ठान का समापन सोमवार को महानवमी पर होगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में शाम 5 बजे से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।

Tags: