कोटा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे हादसे के घायलों से मिले विधायक संदीप शर्मा
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हादसे के घायलों से मिलते विधायक संदीप शर्मा।
कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल लोगों की कुशलक्षेम जानने विधायक संदीप शर्मा मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में एक ही परिवार के इतने सदस्यों का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़े रहना और घायलों की बेहतर चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।
अस्पताल में विधायक ने प्रबंधन और चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही, सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि घायल शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें।
इस अवसर पर महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद नन्दकंवर हाड़ा, पुरुषोत्तम यादव, सुनीता नायक, सुनीता सेन, दीपिका शर्मा और मुकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। हादसे के बाद घायलों के उपचार और पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए जनप्रतिनिधियों की यह मौजूदगी रही।