कोटा दशहरा मेला 2026: 105 फीट ऊंचे रावण का पुतला तैयार, सुरक्षा बढ़ाई
मेयर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पुतलों के आसपास का परिसर खाली कराकर पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोटा में 20 अक्टूबर के दहन से पहले तैयार 105 फीट ऊंचा रावण का पुतला।
कोटा में राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 के तहत 20 अक्टूबर को होने वाले रावण दहन से पहले 105 फीट ऊंचे दशानन और 72-72 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के विशालकाय पुतले दहन स्थल पर भव्यता के साथ खड़े कर दिए गए हैं। रावण के पुतले से निकलने वाली अट्टहास की आवाज ने मैदान में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। दिनभर पुतलों को करीब से देखने के लिए शहरवासियों का तांता लगा रहा।
दहन स्थल पर स्थापित विशालकाय पुतलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों और परिवारों के साथ पहुंचे। आसपास का क्षेत्र उत्सव के माहौल में नजर आया। दूर-दराज से आने वाले राहगीर भी मुख्य सड़क पर रुककर 105 फीट ऊंचे रावण की बनावट और कारीगरी को निहारते दिखाई दिए। युवाओं और बच्चों ने दशानन के साथ जमकर सेल्फी ली और तस्वीरें खिंचवाईं। वहीं, कुछ नागरिकों ने परंपरा के अनुसार पुतले पर कंकड़ मारकर सदियों पुरानी रीतियों का अनुसरण किया।
दशहरा मेले में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशालकाय पुतले रावण दहन से पहले ही आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 20 अक्टूबर को होने वाले दहन को लेकर मैदान में लोगों की आवाजाही के बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है।
महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि दहन स्थल पर जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और नगर निगम प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। रावण के आसपास का पूरा परिसर खाली करा दिया गया है और अनधिकृत तथा बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। मैदान में सुरक्षाकर्मियों के जवान तैनात किए गए हैं, ताकि 20 अक्टूबर को होने वाले रावण दहन तक सभी व्यवस्थाएं सुरक्षित और सुचारू बनी रहें।