तस्वीर में दिख रहे लोग कोटा में टेंट एक्सपो के बैनर के साथ खड़े हैं।

कोटा में सितंबर का पहला सप्ताह व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश के लिहाज से खास रहने वाला है। 5 से 8 सितंबर 2026 के दौरान शहर में टेन्ट एवं डेकोर, सोलर-ईवी तथा बाइकिंग और एडवेंचर पर्यटन से जुड़े तीन बड़े राष्ट्रीय स्तर के आयोजन होने जा रहे हैं। इनमें देश के विभिन्न राज्यों से हजारों व्यवसायियों, बाइकर्स, पर्यटकों, उद्यमियों और युवाओं के पहुंचने की संभावना है। इससे कोटा के व्यापार, होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

6 से 8 सितंबर तक दशहरा मैदान, सी.ए.डी. सर्किल, कोटा में राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में 16वां प्रांतीय टेन्ट एंड डेकोर एक्सपो–2026 एवं महाअधिवेशन आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने बताया कि लगभग 24 वर्षों बाद राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का यह महाअधिवेशन पुनः कोटा में हो रहा है। देशभर से लगभग 12 से 15 हजार टेन्ट एवं इवेंट व्यवसायियों के आने की संभावना है। एक्सपो में टेन्ट, डेकोरेशन, लाइटिंग, कैटरिंग, फर्नीचर, होटल, हैंडीक्राफ्ट, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर, क्रॉकरी एवं वेडिंग प्लानर सहित इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री की 300 से अधिक विभिन्न कंपनियां अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। महाअधिवेशन से कोटा को भविष्य में डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन स्थल पर हाड़ौती पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें हाड़ौती के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को एलईडी स्क्रीन एवं आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

देशभर से आने वाले व्यवसायियों एवं प्रतिभागियों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें कोटा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में हाड़ौती पर्यटन का प्रचार कर सकें। अशोक माहेश्वरी ने कहा कि सोलर एवं ईवी सेक्टर आने वाले समय में व्यापार और रोजगार के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल होंगे। उन्होंने व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों से एक्सपो में अधिक से अधिक लोगों को लाने का आह्वान किया।

16वें महाअधिवेशन के संयोजक दीपक सिंघल एवं सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि आयोजन स्थल पर वातानुकूलित भव्य जर्मन डोम तैयार किए जा चुके हैं। दिल्ली एवं जयपुर से आई इवेंट कंपनियों की टीमें आयोजन स्थल की विशेष साज-सज्जा एवं डेकोरेशन में जुटी हुई हैं। बाहर से आने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन में करीब 300 से अधिक देशभर से टेन्ट इवेन्ट कंपनियों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिन्होंने कोटा आकर अपना कार्य शुरू कर दिया है।

कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी, उपाध्यक्ष रईस भाई, कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह एवं संगठन मंत्री सुरेश चित्तौड़ा ने बताया कि आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, सजावट, अतिथि स्वागत, भोजन, आवास, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। तीन दिवसीय आयोजन में देशभर की नामी कंपनियों एवं प्रतिष्ठानों के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। सभी स्टॉलों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि इन आयोजनों का उद्घाटन समारोह 6 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। महाअधिवेशन में हाड़ौती एवं राजस्थान की संस्कृति, कला एवं परंपरा की विशेष झलक यहां के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देखने को मिलेगी।

आयोजकों के अनुसार यह महाअधिवेशन व्यापार विस्तार, नई तकनीक, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, अनुभव साझा करने और राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इससे राजस्थान एवं हाड़ौती के टेंट, इवेंट एवं वेडिंग व्यवसाय को नई दिशा और नई पहचान मिलेगी। आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर उनके संयोजकों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। महाअधिवेशन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कोटा में आयोजित होने वाला यह आयोजन भव्य एवं यादगार बनाने की पूरी तैयारी की जा चुकी है।

इसी दौरान 6, 7 एवं 8 सितंबर को दशहरा मैदान में ‘अनंत ऊर्जा सोलर एवं ईवी एक्सपो–2026’ का आयोजन टीपीएन सॉल्यूशन एवं हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी द्वारा किया जाएगा। टीपीएन सॉल्यूशन के जितेन्द्र गोयल ने बताया कि एक्सपो में 100 से अधिक कंपनियां एवं स्टॉल शामिल होंगे तथा करीब 25 हजार विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है। हाड़ौती में सोलर उद्योग के क्षेत्र में करीब ₹2,000 करोड़ के कारोबार की संभावनाएं मौजूद हैं।

एक्सपो में आम लोगों, किसानों, व्यापारियों एवं उद्योग जगत को सोलर प्लांट, रूफटॉप सोलर, सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, बैंक लोन तथा सोलर एवं ईवी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। इस आयोजन में हाड़ौती संभाग के सभी व्यापारिक औद्योगिक संगठनों, कोटा व्यापार महासंघ, दी एस एस आई एसोसिएशन सहित कई संगठनों का सहयोग मिल रहा है।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि सोलर-ईवी सेक्टर आने वाले समय में ग्रीन एनर्जी सेक्टर के बढ़ते कारोबार के साथ-साथ युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के पूर्ण साधन बनेगा।

वहीं, 5 से 7 सितंबर तक मेनाल रेजीडेंसी, कोटा में क्लब रोअरिंग हॉक्स एवं दौला द्वारा ‘रणोत्सव वॉल्यूम-3.0’ का आयोजन किया जाएगा। क्लब रोअरिंग हॉक्स के जितेन्द्र बेदी ने बताया कि इसमें देशभर से सैकड़ों बाइकर्स, राइडिंग क्लब, ट्रैवल क्रिएटर्स एवं मोटरसाइकिल प्रेमी शामिल होंगे।

प्रतिभागी चंबल रिवर फ्रंट, रावतभाटा, पाड़ाझर वाटरफॉल एवं गड़रिया महादेव सहित हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों की राइड करेंगे। जितेन्द्र बेदी ने बताया कि रणोत्सव का उद्देश्य बाइक राइडिंग के साथ राजस्थान की संस्कृति, हाड़ौती के प्राकृतिक पर्यटन एवं जिम्मेदार मोटरसाइकिल पर्यटन को बढ़ावा देना है।

इन तीनों आयोजनों से कोटा में बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले व्यवसायियों, पर्यटकों एवं युवाओं की मौजूदगी रहेगी। इससे होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, बाजार, पर्यटन एवं स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

अशोक माहेश्वरी ने कहा कि सितंबर के इन आयोजनों के माध्यम से कोटा को व्यापार, सोलर-ईवी, इवेंट इंडस्ट्री, बाइकिंग एवं पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। हाड़ौती को डेस्टिनेशन वेडिंग, पर्यटन एवं नए उद्योगों के लिए विकसित करने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण अवसर है।

आयोजकों ने कहा कि कोटा अब केवल कोचिंग सिटी के रूप में नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन, इवेंट, सोलर-ईवी और एडवेंचर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

Tags: