16 वार्डों में भाजपा के चुनाव कार्यालय खुले, संदीप शर्मा ने प्रत्याशियों को दिया जीत का मंत्र
कोटा दक्षिण के 16 वार्डों में भाजपा के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन हुआ। विधायक संदीप शर्मा ने प्रत्याशियों को विकास रोडमैप के साथ जनता में जाने का संदेश दिया।
तस्वीर में विधायक संदीप शर्मा और अन्य नेता कोटा में पार्टी कार्यालय उद्घाटन के दौरान नजर आ रहे हैं।
कोटा में नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की चुनावी सक्रियता तेज हो गई है। विधायक संदीप शर्मा ने कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के 16 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। बुधवार का दिन शुभ मानते हुए अधिकांश भाजपा प्रत्याशियों ने अपने चुनाव कार्यालयों के शुभारंभ के लिए इसी दिन को चुना।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान विधायक संदीप शर्मा ने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और अपने-अपने वार्ड के भावी विकास का स्पष्ट रोडमैप भी जनता के सामने रखें। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल जीतने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा और वार्ड के सर्वांगीण विकास का संकल्प लेकर लड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूत संपर्क स्थापित करने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और सामूहिक प्रयासों से वार्डों में विकास की नई दिशा तय की जा सकती है।
इस दौरान विधायक संदीप शर्मा ने स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं तथा विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने आमजन से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक संदीप शर्मा ने जितेन्द्र सिंह हाड़ा, श्रीमती अनुसुईया गोस्वामी, सुदर्शन गौतम, हरिकान्त लवानिया, कुलदीप मेहरा, मिलाप जैन, हरमेन्द्र सिंह हाड़ा, हेमराज सिंह हाड़ा, देवेन्द्र शर्मा, रवि शर्मा, पुरूषोत्तम यादव, मंजू देवी विजय, लोकेश गुप्ता, मुकेश शर्मा, ममता कंवर एवं दीपिका शर्मा के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया।
इन चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के दौरान उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विधायक संदीप शर्मा का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने तथा भाजपा के पक्ष में मतदान करवाने का संकल्प लिया। नगर निगम चुनाव के बीच 16 वार्डों में चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के साथ भाजपा ने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर दिया है।