श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भव्य आयोजन, बैंगलोर-Delhi से आएंगे फूल, नदियों के जल से होगा अभिषेक
इस्कॉन नंदग्राम धाम में 4-5 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव होगा। बैंगलोर-Delhi से फूल आएंगे और पवित्र नदियों के जल से महाअभिषेक होगा।
तस्वीर में इस्कॉन नंदग्राम धाम मंदिर परिसर में सफेद पर्दों और फूलों की सजावट दिख रही है।
मुकुंदरा विहार स्थित इस्कॉन नंदग्राम धाम में आगामी 4 एवं 5 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण का जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य श्रृंगार से लेकर मंदिर की विशेष सजावट और भव्य महाअभिषेक तक कई धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 4.30 बजे मंगला आरती से होगा। इसके बाद प्रातः 7.30 बजे श्रृंगार आरती के दौरान भक्तों को भगवान के भव्य दर्शन होंगे। दिनभर मंदिर में हरिनाम संकीर्तन के साथ भगवान के मनोरम दर्शन भक्तों के लिए खुले रहेंगे, जिससे बड़ी संख्या में भक्त भगवान के दर्शन का लाभ ले सकेंगे।
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान भगवान का दिव्य और भव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूरे मंदिर परिसर को बैंगलोर एवं दिल्ली से लाए गए विशेष फूलों से सजाया जाएगा। भगवान की पोशाक पावनधाम वृंदावन से मंगवाई जाएगी। भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को दर्शाती विभिन्न प्रकार की जीवंत झांकियां सजाई जाएंगी।
महोत्सव में भगवान का भव्य महाअभिषेक किया जाएगा। इसमें पंचामृत, पंचगव्य, नाना प्रकार के फलों के रस, औषधियों तथा पवित्र नदियों के जल का उपयोग किया जाएगा। भक्तजनों के लिए लड्डू गोपाल को झूला झुलाने एवं माखन-मिश्री का भोग लगाने की व्यवस्था भी रहेगी।
मध्यरात्रि में भगवान की महाआरती की जाएगी। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वॉटरप्रूफ टेंट, बैरिगेटिंग, सुरक्षा गार्ड और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की जाएगी। सुगम दर्शन के लिए पार्किंग की भी अच्छी व्यवस्था रहेगी। इस प्रकार 4 एवं 5 सितंबर को इस्कॉन नंदग्राम धाम में जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ भक्तों के लिए दर्शन एवं पूजा की विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी।