तस्वीर में भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज दुबे दिखाई दे रहे हैं।

कोटा, 2 सितम्बर। राजस्थान में बारिश के अभाव से किसानों की फसलें बर्बादी की ओर बढ़ रही हैं। भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज दुबे ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर प्रदेश के किसानों को 24 घंटे कृषि बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बारिश की कमी से फसलों को हो रहे नुकसान पर गहरी चिंता जताई है।

मनोज दुबे ने कहा कि राजस्थान में मानसून ने धोखा दे दिया है और अच्छी बारिश की उम्मीद अब धुंधली पड़ती नजर आ रही है। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के 17 जिलों में सूखे जैसे हालात बन गए हैं। कई जिलों में सामान्य से 40 से 55 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

उन्होंने कहा कि खेत सूख रहे हैं, जलाशय खाली हैं और किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। राजस्थान में इस बार औसत से भी बहुत कम बारिश हुई है, जिसके कारण किसानों की फसलें सूख रही हैं। पानी के अभाव में फसलों को भारी नुकसान हो रहा है और किसानों की फसलें बर्बादी की ओर हैं। ऐसी स्थिति में अनाज का उत्पादन भी बहुत ज्यादा कम होगा।

मनोज दुबे ने कहा कि वर्तमान में बरसात की बेरुखी के कारण किसानों की फसलें सूखने की स्थिति में हैं। कृषि कुओं से सिंचाई करने वाले किसान भी कम और अघोषित विद्युत कटौती से बेहद परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि कृषि कुओं के लिए 24 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों की फसलों को बचाया जा सके।

Tags: