कोटा के चेतक पार्क स्थित जैन मंदिर के पास गोपालाष्टमी के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव के पहले दिन व्यास पीठ से कथा वाचन करते कथावाचक देवीराम ब्रजवासी।

कोटा में गोपालाष्टमी के अवसर पर मंगलवार को चेतक पार्क स्थित जैन मंदिर के पास, शॉपिंग सेंटर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर भजन-कीर्तन किया। कलश यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। इसके बाद दोपहर में कथा स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

कथावाचक देवीराम ब्रजवासी ने पहले दिन श्रीमद्भागवत के महात्म्य का वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, धर्म और आध्यात्मिक चेतना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल श्रवण का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने और ईश्वर से जुड़ने का अनुपम अवसर है। कथा श्रवण से मनुष्य के विचारों में पवित्रता आती है और जीवन में धर्म, प्रेम एवं सदाचार का भाव विकसित होता है।

आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, कथावाचक देवीराम ब्रजवासी की यह 81वीं कथा है। उनका लक्ष्य 108 कथाओं का रसपान करवाना है। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी और 24 नवंबर तक विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वाचन किया जाएगा।

कथा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 नवंबर को सृष्टि वर्णन से परीक्षित मोक्ष एवं शुकदेव आगमन, 19 नवंबर को शुकदेव जन्म से वामन चरित्र और 20 नवंबर को वामन चरित्र से श्रीकृष्ण जन्म, नंद महोत्सव एवं बाल लीलाओं का वर्णन होगा। 21 नवंबर को बाल लीला से गोवर्धन पूजा, 22 नवंबर को महारास से रुक्मिणी मंगल तथा 23 नवंबर को सुदामा चरित्र एवं उद्धव पूजा के प्रसंग सुनाए जाएंगे।

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का समापन 24 नवंबर को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इस दौरान प्रतिदिन निर्धारित समय पर कथा और धार्मिक प्रसंगों का आयोजन किया जाएगा।

Tags: