कोटा में कल्पद्रुम महामंडल विधान में 200 इंद्र-इंद्राणियों ने की जिनेंद्र देव की आराधना, 96 अर्घ्य किए समर्पित
| कोटा के रिद्धि-सिद्धि नगर स्थित श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में कल्पद्रुम महामंडल विधान के दौरान 200 इंद्र-इंद्राणियों ने आराधना की। गणधर मुनि विश्रुत सागरजी के सानिध्य में 96 अर्घ्य समर्पित किए गए।
कोटा के जैन मंदिर में कल्पद्रुम महामंडल विधान के दौरान पूजा करते श्रद्धालु दिख रहे हैं।
कोटा। कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि-सिद्धि नगर के श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में आयोजित सात दिवसीय कल्पद्रुम महामंडल विधान के तहत मंगलवार को विशेष महाअर्चना की गई। परमपूज्य गणाचार्य विराग सागरजी महाराज के प्रभावना शिष्य गणधर मुनि विश्रुत सागरजी महाराज एवं प्रवर्तक श्री 108 विश्वनायक सागरजी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में हुए धार्मिक अनुष्ठान में 200 इंद्र-इंद्राणियों ने भक्ति और श्रद्धा के साथ जिनेंद्र देव की आराधना की। यह आयोजन विराग वर्धन पावन वर्षायोग-2026 के अंतर्गत किया जा रहा है।
अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड ने बताया कि मंगलवार को धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातःकाल जिनेंद्र भगवान के अभिषेक और शांतिधारा के साथ हुई। इसके बाद नित्यनियम पूजा एवं मानस्तंभ पूजा संपन्न कराई गई। कल्पद्रुम महामंडल विधान के दौरान मान कषाय को गलाने वाली तीर्थंकर भगवान की चारों दिशाओं से संबंधित 96 अर्घ्य समर्पित किए गए। इसके साथ ही चैत्यप्रासाद भूमि, स्वातिका भूमि, लता भूमि एवं उपवन भूमि से संबंधित सभी जिनबिंबों की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा जिनालय परिसर भक्तिमय वातावरण में रहा।
कोषाध्यक्ष ताराचंद बडला ने बताया कि इस अवसर पर गणधर मुनि विश्रुत सागरजी महाराज ने अपनी दिव्य देशना में आत्मकल्याण और सम्यक दर्शन के महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद देते हुए धर्म आराधना के माध्यम से आत्मिक शुद्धि और जीवन में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का संदेश दिया। विधान में शामिल सभी इंद्र-इंद्राणियों ने भक्ति और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर पुण्य अर्जित किया।
विधान की समस्त धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य पं. भागचंद शास्त्री, धरियावद के मंत्रोच्चार और विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुईं। इस दौरान संगीतकार मनीषजी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
सायंकालीन महाआरती का सौभाग्य कैलाशचंद एवं सुशीला बज परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं, दिन के श्रावक श्रेष्ठी बनने का पुण्यलाभ कैलाश देवी, मुकेश, राजकुमार एवं प्रदीप पाटनी परिवार ने अर्जित किया। सात दिवसीय कल्पद्रुम महामंडल विधान में धार्मिक अनुष्ठानों, जिनबिंबों की पूजा और मुनिराजों की देशना के माध्यम से श्रद्धालुओं ने धर्म आराधना में भाग लिया।