कोटा रेल कर्मचारी संघ की भाजपा नेता से मुलाकात, विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल ने रेल कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर से चर्चा की और त्वरित निराकरण की मांग की।

Update: 2026-06-02 14:47 GMT

कोटा में पश्चिम मध्य रेलवे कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर को अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) के अंतर्गत भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध रेल कर्मचारी संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें अपनी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे में व्याप्त चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित निराकरण का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने माहुर को स्टेशन क्षेत्र में हाल ही में रेलवे कर्मचारी के पुत्र की हुई जघन्य हत्या तथा कोटा के दरा घाटी में रेलवे अभियंता की दुर्घटना में हुई दुखद मौत के मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ न मिलने, रेलवे चिकित्सालय में चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने तथा माल डिब्बा कारखाना में आपातकालीन एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान आकर्षित किया।

कर्मचारी संघ द्वारा उठाई गई इन समस्याओं को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने तत्काल प्रभाव से मंडल रेल प्रबंधक (DRM) और पुलिस अधीक्षक, कोटा शहर को फोन कर निर्देशित किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों से कर्मचारियों की जायज मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि रेल कर्मियों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रेलवे मंत्रालय से संबंधित मांगों को लेकर माहुर ने रेलवे मंत्री को पत्र प्रेषित किया है।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ और रेलवे संगठन के मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मंडल सचिव प्रबोध बल्दुआ, कोटा वर्कशॉप अध्यक्ष राजेश जी मीणा, रामवीर सिंह, मंडल सचिव जी पी गौतम एवं उपेंद्र सिंह सहित अन्य कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारा इस त्वरित सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Similar News