कोटा इस्कॉन मंदिर में भव्य नौका विहार और आम रस महोत्सव का आयोजन

पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान के अलौकिक दर्शन कर विशेष पूजन किया।

Update: 2026-06-02 15:00 GMT

कोटा के किशोरपुरा स्थित इस्कॉन गोविंद धाम में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित नौका विहार उत्सव में भाग लेते श्रद्धालु।

कोटा। स्थानीय इस्कॉन गोविंद धाम, किशोरपुरा में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच दिव्य ‘नौका विहार’ एवं ‘आम रस महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर भगवान के अलौकिक दर्शन एवं संकीर्तन का आनंद प्राप्त किया।

मंदिर प्रांगण में आयोजित भगवान के विशेष ‘नौका विहार’ उत्सव में सुसज्जित नौका में विराजित प्रभु के विग्रह भक्तों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। भक्ति गीतों और ‘हरे कृष्ण’ संकीर्तन के दिव्य निनाद के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु की एकाग्रचित्त होकर आराधना की। इस आध्यात्मिक उत्सव के दौरान मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के आमों से विशेष रूप से अलंकृत किया गया। ‘आम रस महोत्सव’ के अंतर्गत भगवान का आकर्षक श्रृंगार भी पूर्णतः आमों से किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। आमों की मनोहारी सुगंध और उत्कृष्ट सजावट से संपूर्ण मंदिर प्रांगण भक्तिमय वातावरण में सराबोर प्रतीत हो रहा था।

उत्सव के दौरान आयोजित विशेष प्रवचन में वक्ताओं ने पुरुषोत्तम मास की महिमा का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि यह मास भगवान पुरुषोत्तम को अत्यंत प्रिय है। इस पवित्र अवधि में की गई भक्ति, जप, दान और साधना का विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। प्रवचन से प्रेरित होकर श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष दीपदान कर अपनी गहरी आस्था प्रकट की। मंदिर से जुड़े भक्तों ने इस आयोजन के महत्व को स्पष्ट करते हुए बताया कि ग्रीष्म ऋतु में प्रभु को शीतलता एवं आनंद प्रदान करने की भावना से ‘नौका विहार’ और ‘आम रस महोत्सव’ जैसे उत्सव आयोजित किए जाते हैं, जो भारतीय भक्ति और संस्कृति की अनूठी अनुभूति कराते हैं। यह भव्य आयोजन भक्तों के लिए श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम सिद्ध हुआ।

Similar News