कोटा कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिला स्तरीय अधिवेशन की तैयारी पूरी

प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया, राष्ट्रीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में होंगे शामिल।

Update: 2026-06-02 14:45 GMT

कोटा के एस.एल. मैरिज गार्डन में ओबीसी विभाग के जिला स्तरीय अधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेते पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल और कांग्रेस पदाधिकारी।

कोटा शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के तत्वावधान में आज 3 जून को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय अधिवेशन एवं कार्यकारणी का पदभार ग्रहण कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। इस भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर, शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव व देहात अध्यक्ष टीकम चंद सुमन के साथ कार्यक्रम स्थल का गहन जायजा लिया। गुंजल ने इस अवसर पर कहा कि शहर व देहात में कार्यकर्ताओं की बैठकों में जिस प्रकार का अपार जोश व उत्साह परिलक्षित हो रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि यह कार्यक्रम अपने आप में ऐतिहासिक होगा।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हरसहाय यादव, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी सचिव जितेंद्र बघेल, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग वेस्ट इंडिया जोनल इंचार्ज रोहिताश सिंह बेदी, नेशनल कोर्डिनेटर (राजस्थान) राजकमल राव व मोहित चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री राजस्थान सुनील परिहार और कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ नेता कल रात्रि ही कोटा पहुंच चुके हैं। इन नेताओं का शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की श्रृंखला में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली आज प्रातः 10:00 बजे कोटा पहुंचेंगे।

यह आयोजन काला तालाब स्थित चंद्रसेल मेन रोड के एस.एल. मैरिज गार्डन में प्रातः 10:00 बजे से संपन्न होगा, जहां व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशाल पांडाल के साथ 5,000 कुर्सियों की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस अधिवेशन के माध्यम से ओबीसी वर्ग की संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के विधिवत समापन के पश्चात, दोपहर 2:00 बजे सभी वरिष्ठ नेतागण कार्यक्रम स्थल स्थित बैंकट हॉल में मीडिया से मुखातिब होंगे और पत्रकार वार्ता के माध्यम से समसामयिक विषयों व सांगठनिक रणनीति पर संवाद करेंगे। यह आयोजन कोटा कांग्रेस की आगामी राजनीतिक सक्रियता की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Similar News