JEE Advanced 2026: एलन कोटा के शुभम कुमार ने हासिल की AIR-1
जेईई-एडवांस्ड 2026 में एलन के शुभम कुमार ने टॉप किया है। शीर्ष 10 में संस्थान के 6 विद्यार्थी शामिल रहे।
जेईई-एडवांस्ड 2026 के परिणामों के बाद एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा में आयोजित कार्यक्रम में ऑल इंडिया रैंक-1 शुभम कुमार, रैंक-2 कबीर छिल्लर और रैंक-3 जतिन चाहर अन्य सफल विद्यार्थियों के साथ।
आईआईटी रुड़की द्वारा घोषित जेईई-एडवांस्ड 2026 के परिणामों में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट, कोटा ने एक बार फिर शिक्षा जगत में स्वर्णिम इतिहास रचते हुए लगातार तीसरे वर्ष ऑल इंडिया रैंक-1 प्रदान की है। एलन के क्लासरूम स्टूडेंट शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक अर्जित कर ऑल इंडिया रैंक-1 के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। संस्थान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में एलन के ही क्लासरूम विद्यार्थी कबीर छिल्लर ने 329 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक-2 और जतिन चाहर ने 319 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक-3 पर कब्जा जमाया है। एलन ने अपने इतिहास में दूसरी बार ऑल इंडिया रैंक-1, 2 और 3 तीनों स्थानों पर अपना वर्चस्व स्थापित किया है, इससे पूर्व वर्ष 2016 में भी संस्थान ने यह गौरव हासिल किया था।
एलन की इस अभूतपूर्व सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश की टॉप-10 रैंक में एलन के 6 विद्यार्थी शामिल हैं। टॉप रैंकर्स की सूची में अर्नव गौतम ने एआईआर-7, कनिष्क जैन ने एआईआर-8 और दर्श सिक्का ने एआईआर-10 हासिल की है। इसके अतिरिक्त, टॉप-20 में 12 और टॉप-50 में 24 क्लासरूम स्टूडेंट्स ने अपनी जगह सुनिश्चित की है। छात्राओं में भी एलन का दबदबा कायम रहा, जहाँ कोटा क्लासरूम की आरोही देशपांडे 280 अंकों के साथ ऑल इंडिया गर्ल्स टॉपर बनीं और उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-77 प्राप्त की। ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में भी एलन का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, जिसमें एलन ऑनलाइन लाइव कोर्स के यशवर्धन ने ऑल इंडिया रैंक-52 प्राप्त कर सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स में सर्वश्रेष्ठ परिणाम दर्ज कराया है।
भौगोलिक दृष्टि से भी एलन ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। देश के 7 में से 5 आईआईटी जोन—दिल्ली, गुवाहाटी, कानपुर, भुवनेश्वर और रुड़की—के टॉपर एलन के ही क्लासरूम विद्यार्थी हैं। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सीईओ नितिन कुकरेजा ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि एलन उत्कृष्टता में विश्वास रखता है और ये परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एलन ने क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों ही पैमानों पर असाधारण परिणाम दिए हैं और पिछले दो वर्षों में आईआईटी में प्रवेश पाने वाला प्रत्येक चौथा विद्यार्थी एलन से रहा है। संस्थान ने परिणामों की पारदर्शिता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करने हेतु पिछले तीन वर्षों से अपनी रिकॉर्ड्स का सत्यापन देश की अग्रणी ऑडिट फर्म ई-वाय (EY) से कराया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ एलन ने अब तक आईआईटी-जेईई में कुल 7 बार ऑल इंडिया रैंक-1 देने का कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पूर्व 2025 में रजित गुप्ता, 2024 में वेद लाहोटी, तथा इसके अतिरिक्त चित्रांग मुर्डिया (2014), अमन बंसल (2016), कार्तिकेय गुप्ता (2019) और मृदुल अग्रवाल (2021) ने एलन कोटा क्लासरूम प्रोग्राम से एआईआर-1 प्राप्त की थी। देश भर के सेंटर्स पर उत्साह का वातावरण है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर महानगरों तक एलन के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है।