कोटा में महर्षि दधीचि जयंती समारोह का आगाज, खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित
महर्षि दधीचि छात्रावास में तीन आयु वर्गों के लिए बैडमिंटन, कैरम, रस्साकशी और महिलाओं की विविध स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
तस्वीर में महर्षि दधीचि छात्रावास समिति कोटा के बैनर तले महिलाएं कार्यक्रम में बैठी और खड़ी नजर आ रही हैं।
कोटा। महर्षि दधीचि जयंती समारोह का आगाज गुरुवार को खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। महर्षि दधीचि छात्रावास समिति, कोटा की ओर से छात्रावास परिसर में आयोजित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अलग-अलग आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ दमखम दिखाया। आयोजन का शुभारंभ समाजसेवी हरीश आशोपा ने किया।
अध्यक्ष रविन्द्र जोशी एवं सचिव निमेष पुरोहित ने बताया कि प्रतियोगिताओं में तीन आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बैडमिंटन, कैरम बोर्ड और रस्साकशी जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिलाओं के लिए पूजा थाली, मेहंदी, रंगोली और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
20 से 40 आयु वर्ग की महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में शिप्रा दाधीच पुत्री डॉ. गणेश नारायण दाधीच ने प्रथम तथा श्रीमती उषा दाधीच पत्नी आशीष दाधीच ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बारिश के कारण पुरुष वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित नहीं हो सकी।
समिति के द्वितीय मुख्य सलाहकार नरेन्द्र मोहन दाधीच ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की कैरम प्रतियोगिता में डॉ. गणेश दाधीच प्रथम और कुशलेश दाधीच द्वितीय रहे। 20 से 40 आयु वर्ग में अथर्व दाधीच ने प्रथम तथा विशाल दाधीच ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 10 से 20 आयु वर्ग में अथर्व दाधीच प्रथम और तिरशंक दाधीच द्वितीय रहे।
समिति के मुख्य सलाहकार नागेश दाधीच ने बताया कि रस्साकशी प्रतियोगिता में कप्तान अथर्व दाधीच के नेतृत्व वाली टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में सुरेश दाधीच, अमित दाधीच, दीनानाथ दाधीच, रामकल्याण दाधीच, जितेंद्र दाधीच, श्याम बिहारी, आशुतोष दाधीच एवं गणेश दत्त दाधीच शामिल रहे।
महिला मंडल अध्यक्ष स्मिता शर्मा एवं मंत्री अम्बिका दाधीच ने बताया कि पूजा थाली प्रतियोगिता में ऊषा व्यास प्रथम और ममता दाधीच द्वितीय रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में ममता दाधीच ने प्रथम तथा पायल दाधीच ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली में शालिनी दाधीच प्रथम और पूर्णिमा दाधीच द्वितीय रहीं। कुर्सी दौड़ में विनीता जोशी ने प्रथम तथा मंजू जोशी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
समिति के कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि पूजा थाली, मेहंदी, रंगोली और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्रीमती योगिता चौहान, जेसीआई कोटा की बोर्ड सदस्य तथा श्रीमती शशि गोयल, सेवानिवृत्त व्याख्याता ने निभाई। खेलकूद प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षक महेश दाधीच ने निभाई।
अध्यक्ष रवींद्र जोशी ने बताया कि 18 सितंबर को शाम 7 बजे महर्षि दधीचि के जीवन एवं योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। महिला मंडल अध्यक्ष स्मिता शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में डॉ. रीना दाधीच, डॉ. हर्षिता दाधीच एवं डॉ. मनीषा दाधीच को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।