कोटा महाराजा अग्रसेन जयंती भव्य शोभायात्रा नयापुरा स्टेडियम
कोटा में महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा में चांदी की पालकी, 18 घोड़ों पर सवार राजकुमार और आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं, जिसका समापन नयापुरा स्टेडियम में हुआ।
कोटा में महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर चांदी की पालकी के साथ आयोजित भव्य शोभायात्रा में शामिल समाज के पदाधिकारी, महिलाएं और युवा।
कोटा में महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर रविवार को निकली भव्य शोभायात्रा में चांदी की पालकी, 18 घोड़ों पर सवार राजकुमारों और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन कोटा के तत्वावधान में निकली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में अग्रवाल समाज के महिला-पुरुष, युवा और युवतियां शामिल हुए। महाराजा अग्रसेन के जयकारों से शहर के प्रमुख मार्ग गूंज उठे।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा गीता भवन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नयापुरा स्टेडियम पहुंची। इसमें महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों के प्रतीक स्वरूप समाज के 18 युवा विशेष वेशभूषा में 18 घोड़ों पर सवार होकर शामिल हुए। महाराजा अग्रसेन एवं माता माधवी की भव्य झांकियां भी बग्गी में सजाकर निकाली गईं।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि उपमहापौर विवेक राजवंशी ने गीता भवन से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, सहयोग, सेवा और परोपकार का संदेश दिया। समाज को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सेवा की भावना और सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए।
युवा अध्यक्ष अजय गोयल, महामंत्री धर्मेंद्र मित्तल एवं रितेश अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा में ‘भारत के लाल अग्रवाल’ संदेश के साथ भारत माता की झांकी, राजा राम दरबार और चांदी की पालकी में विराजमान महाराजा अग्रसेन की सवारी प्रमुख आकर्षण रहे। इनके अलावा काछी घोड़ी नृत्य सहित अनेक आकर्षक झांकियां भी शामिल हुईं। बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर अग्रवाल समाज के हजारों महिला-पुरुष, युवा एवं युवतियां नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
संयोजक मोहनलाल अग्रवाल एवं राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि चांदी की पालकी में विराजमान महाराजा अग्रसेन की सवारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कुर्ता-पायजामा, दुपट्टा और सतरंगी साफों में सजे नवयुवक चंवर दुलाते हुए चल रहे थे। वहीं, पारंपरिक चुनरी पहने महिलाएं शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। मार्ग में जगह-जगह समाजबंधुओं और विभिन्न संस्थाओं की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा आरती उतारी गई।
शोभायात्रा में श्याम बाबा एवं सालासर धाम बालाजी की झांकियां भी शामिल रहीं। भजन मंडलियों के साथ चल रहे श्रद्धालु भजनों की धुन पर नृत्य करते रहे। इस दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा।
महिला अध्यक्ष शालू अग्रवाल एवं महामंत्री पूनम जैन व ममता गोयल ने बताया कि शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नयापुरा स्थित स्टेडियम पहुंची। यहां 111 भामाशाहों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
संयोजक नवल गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपमहापौर विवेक राजवंशी, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गर्ग, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमेन राजेश जी बिरला, भाजपा के पूर्व महामंत्री जगदीश जिंदल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व जिला अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, पूर्व विधायक पूनम गोयल, नवल कुमार गर्ग, मनोज जैन, मोहनलाल अग्रवाल, संदीप अग्रवाल चांदीवाला एवं सुरेश अग्रवाल, रूचि अग्रवाल और पवन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैलाश अग्रवाल, नवीन मित्तल, महावीर प्रसाद जैन, राजेंद्र गोयल, संजय अग्रवाल, मुकेश जैन, धर्मेंद्र अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, अनील अग्रवाल, उपेंद्र राय जैन, सुरेंद्र गोयल विचित्र, परेश गुप्ता, राजकुमार गोयल और अनील छामुनिया सहित बड़ी संख्या में अग्रबंधु, समाज की महिलाएं, युवा तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे। महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक एकता और सेवा के संदेश के साथ निकली शोभायात्रा का समापन नयापुरा स्टेडियम में सम्मान समारोह के साथ हुआ।