कोटा में पर्यावरण संरक्षण प्रहरी अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, विधायक संदीप शर्मा और अन्य अतिथि इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाओं के साथ समूह चित्र में।

कोटा में पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा मुहिम’ के द्वितीय चरण में 56 इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। रविवार, 11 अक्टूबर को ‘सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ’ एवं ‘इको-फ्रेंडली नवदुर्गा क्लब’ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शहर की विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को मिट्टी से निर्मित प्रतिमाएं भेंट की गईं। इस पहल को सामाजिक संगठनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति सामाजिक संगठनों को जागरूक करने का इससे बेहतर उदाहरण देखने को नहीं मिल सकता। यह पहल समाज को प्रकृति से जोड़ने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं के निःशुल्क वितरण को सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करने का अनूठा तरीका बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा’ मुहिम को सार्थक पहल बताया। उन्होंने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह पहल सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की सजगता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्षों में वे स्वयं भी इस पुनीत कार्य में भरपूर सहयोग प्रदान करेंगे।

मुहिम के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल और अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष प्राकृतिक माटी से 6 फीट ऊंची 28 प्रतिमाएं और 5 फीट ऊंची 28 प्रतिमाएं तैयार करवाई गई थीं। इस प्रकार कुल 56 इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाओं का निर्माण किया गया। सभी प्रतिमाएं विशुद्ध रूप से मिट्टी और प्राकृतिक सामग्रियों से बनाई गई हैं, ताकि विसर्जन के दौरान नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने बताया कि वितरण समारोह को मोजी बाबा पावन धाम आश्रम की महामंडलेश्वर हेमा सरस्वती का पावन आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में उप महापौर विवेक राजवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह के दौरान रामगोपाल अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, डॉ. रामावतार अग्रवाल, राजेश चौधरी, रोशन लाल गर्ग, पी.पी. गुप्ता, राजेंद्र अग्रवाल, पार्षद सुनीता सेन, अनिल खंडेलवाल और दिनेश बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धालुओं और सामाजिक संस्थाओं को प्रतिमाएं भेंट कीं। प्राकृतिक सामग्रियों से निर्मित प्रतिमाओं के वितरण के माध्यम से अभियान ने पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के संदेश को सामाजिक संस्थाओं तक पहुंचाया।

Tags: