कोटा के विज्ञान नगर जैन मंदिर में आयोजित गरबा उत्सव के दौरान पारंपरिक परिधानों में शामिल नव्या मंडल की सदस्य महिलाएं।

कोटा के विज्ञान नगर जैन मंदिर में वीतराग विज्ञान नव्या मंडल की ओर से आयोजित जैन सांस्कृतिक गरबा उत्सव में महिलाओं ने जैन भक्ति गीतों और णमोकार मंत्र की स्वर लहरियों पर गरबा प्रस्तुत कर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का संगम प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

नव्या मंडल की अध्यक्ष रेणुका जैन ने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। सचिव खुशबू जैन ने बताया कि गरबा उत्सव में भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और जियो और जीने दो के संदेश से जुड़े भजनों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। ‘जय महावीर भगवान’, ‘वीतराग प्रभु की महिमा’ और ‘णमोकार मंत्र’ की भक्तिमय प्रस्तुतियों पर प्रतिभागियों ने गरबा कर जैन संस्कृति और धार्मिक आस्था को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीना ताथेड़िया और मंजू सीए ने फीता काटकर किया। दीप प्रज्वलन कमलाबाई, रूपचंद तथा चेतन्यप्रकाश-मंजूलता बंसल लूणवाला परिवार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज-नेहा जैसवाल परिवार उपस्थित रहा।

रेणुका जैन ने बताया कि नव्या मंडल का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे आपसी प्रेम, सहयोग और सहभागिता के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले सकें। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और समाज की परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

महामंत्री अनिल जैन ठौरा ने जानकारी दी कि नव्या महिला मंडल का अभी नवनिर्माण हुआ है। इस अवसर पर अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव खुशबू जैन, कोषाध्यक्ष श्वेता जैन, उपाध्यक्ष आशा जैन तथा समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने सहयोग किया। जैन भजनों और पारंपरिक गरबा के माध्यम से आयोजित इस उत्सव ने महिलाओं की सांस्कृतिक सहभागिता और धार्मिक आस्था को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

Tags: