कोटा के संतोषी नगर में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराते मरीज।

कोटा। अमृतम सेवा संस्थान की ओर से संतोषी नगर स्थित त्रिलोकी महादेव मंदिर परिसर में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में करीब 200 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में नेत्र परीक्षण के साथ मोतियाबिंद संबंधी परामर्श और बीपी-शुगर की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान 15 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित कर भेजा गया।

संस्थान की अध्यक्ष ज्योति यादव ने बताया कि शिविर में मरीजों की आंखों की जांच के साथ रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच भी की गई। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकतानुसार चश्मे उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखी गई। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नेत्र संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना रहा।

शिविर के आयोजन में संस्थान की सहयोगी सदस्य अनीता चौधरी, इंदु चौधरी, डॉ. सावित्री बैरवा, अमिता मेहरा, मोहिनी देवी और मीरा यादव सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। सदस्यों ने मरीजों की सहायता करने के साथ उनकी काउंसलिंग की और फल वितरित किए।

कार्यक्रम में वार्ड 88 की पार्षद मंजू विजय, राम अवतार, रमेश भारद्वाज, भंवर लाल पारेता और कार्यक्रम संयोजक विजय बाकोलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार जताया।

Tags: