कोटा के नयापुरा स्थित अग्रसेन सर्किल पर अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में सजे हुए घोड़ों के साथ मौजूद समाज के लोग

कोटा में अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर सूर्यवंशी सर्व अग्रवाल समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ का स्थापना दिवस रविवार, 11 अक्टूबर को नयापुरा स्थित अग्रसेन सर्किल पर धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भव्य ‘अश्वमेध शक्ति पूजन एवं सम्मान’ समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

समारोह की अध्यक्षता महासंघ के संस्थापक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने की। मुख्य संरक्षक डॉक्टर एमएल अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल रहे। इस अवसर पर सूर्यवंशी भगवान श्रीराम की 33वीं पीढ़ी, महाराजा अग्रसेन और उनके 18 पुत्रों के 18 गोत्रों के प्रत्यक्ष वंशज बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।

गोविंद नारायण अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है। महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल, महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी (गर्ग), संयोजक संजय गोयल, आयोजन प्रभारी परमानंद गर्ग और कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार बंसल ने बताया कि सूर्यदेव के रथ के वाहक अश्व गति, शक्ति, वीरता, वफादारी, सफलता, समृद्धि और शुभता के प्रतीक हैं। इसी भावना को आत्मसात करते हुए समारोह में अश्वशक्ति के सम्मान और पूजन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत 18 आमंत्रित सोशल क्रांतिकारी अग्र बंधुओं रामगोपाल अग्रवाल, संदीप चांदीवाला, डॉ. रामावतार अग्रवाल, जितेंद्र गोयल, रणछोड़ अग्रवाल, राजेश चौधरी, करनल पीयूष अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, डॉक्टर प्रदीप अग्रवाल, गणेश गुप्ता, राघवेंद्र नांगल, ललित एंरन, लोकेश मित्तल और पी पी गुप्ता द्वारा 18 अश्वशक्तियों का सम्मान किया गया। वहीं, 18 सोशल क्रांतिकारी अग्रवाल मातृशक्तियों ने विधि-विधान से अश्वशक्ति का पूजन किया।

महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी 2027 की पूर्व संध्या पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सर्व अग्रवाल समाज के सभी 18 गोत्रों से 18-18 निष्ठावान सदस्यों का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 324 सदस्यों को ‘सोशल क्रांतिकारी अग्रवाल गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।

समाज विकास की दिशा में प्रारंभिक चरण के तहत कोटा शहर की समस्त अग्रवाल समाज संस्थाओं द्वारा संचालित सेवाकार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रेरणाप्रद गतिविधियों का संकलन कर एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। इसका समाजबंधुओं के बीच व्यापक स्तर पर निशुल्क वितरण किया जाएगा, जिससे सामाजिक सेवाकार्यों और जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई गति देने का उद्देश्य पूरा किया जा सके।

Tags: