कोटा: AIRPWF मनाएगा राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस, बैठक में तय हुई रूपरेखा
एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में पेंशनर्स के स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं और रेलवे पास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
तस्वीर में कोटा बोर्ड रूम में टेबल के चारों ओर बैठक करते एआईआरपीडब्ल्यूएफ सदस्य दिख रहे हैं।
कोटा में ऑल इण्डिया रेलवेमेन पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन (एआईआरपीडब्ल्यूएफ) की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में आगामी 17 दिसंबर को राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे कार्यालय के बोर्ड रूम में आयोजित बैठक में पेंशनर्स के स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं और रेलवे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
एआईआरपीडब्ल्यूएफ के अध्यक्ष सचिव जी पी सिंह ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार करना था। इस विषय पर आमंत्रित सदस्यों के साथ चर्चा के बाद सर्वसम्मति से आयोजन को धूमधाम के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद दो सेमिनार आयोजित की गईं। पहली सेमिनार में डूपर सुपरफास्ट हेल्थ असिसटेंश के सीईओ प्राचीर बेरीवाल ने पेंशनर नागरिकों के स्वास्थ्य की व्यक्तिगत देखभाल, त्वरित सहायता और निरंतर सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से डूपर सुपरफास्ट हेल्थ असिटेंट की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की और इसके लाभों के बारे में समझाया।
दूसरी सेमिनार स्टेट ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञ डिप्टी मैनेजर कर्णराज ने आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान बताए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं एआईआरएफ के कार्यकारिणी सदस्य इरशाद खान ने बैठक को संबोधित किया। उन्होंने मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओर से शीघ्र ही मेडिकल कैंप आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। इसके अतिरिक्त उन्होंने पास सुविधा और बोर्ड स्तर के अन्य मुद्दों के संबंध में भी जानकारी साझा की।
बैठक में एग्जीक्यूटिव मेंबर्स हरीश खाण्डेकर, पी के भाटिया, जे के पाथरे, एम एस बग्गा, राजेश गौतम, पूनम रत्नानी, डी एन शर्मा, पीके चावला, रमेशचन्द, राजेश कपूर, राकेश श्रृंगी, दानिश खान और सीताराम आदि ने भी संस्थागत विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन एम एस बग्गा ने किया। सभा के अंत में कोषाध्यक्ष आर एस बख्शी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस के आयोजन के साथ स्वास्थ्य सहायता, चिकित्सा शिविर और रेलवे पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के जरिए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई।