तस्वीर में महाराजा अग्रसेन सिंहासन पर विराजमान दिखाई दे रहे हैं।

कोटा में अग्रसेन जयंती के अवसर पर 11 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा, विशाल महासंगम और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, कोटा के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन की झांकी, चांदी की पालकी, सजीव झांकियां, घोड़ी नृत्य और ड्रोन से पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रहेंगे। समारोह में 10,000 से अधिक समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।

संस्था के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि मुख्य शोभायात्रा 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गीता भवन से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में मातृशक्ति चांदी की पालकी में महाराजा अग्रसेन की झांकी को अपने कंधों पर उठाएगी। इसके साथ माता माधवी और श्याम बाबा की सजीव झांकियां, घोड़ी नृत्य, बैंड-बाजे तथा पारंपरिक ड्रेस कोड में शामिल महिला-पुरुष शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।

प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान ड्रोन से पुष्प वर्षा की जाएगी। इसके मार्ग पर 101 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। समाज की 40 प्रमुख इकाइयां शोभायात्रा में भाग लेंगी। यात्रा सब्जी मंडी, अग्रसेन बाजार, रामपुरा और खाई रोड होते हुए अग्रसेन सर्किल पहुंचेगी, जहां पूजन एवं महाआरती की जाएगी।

इसके बाद नयापुरा स्थित स्टेडियम में विशाल महासंगम और सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसमें 10,000 से अधिक समाजजन जुटेंगे। समारोह के दौरान समाज की 40 संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा।

युवा सम्मेलन के अध्यक्ष अजय गोयल एवं महामंत्री धर्मेंद्र मित्तल ने बताया कि शोभायात्रा में समाजजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए घर-घर पीले चावल देकर निमंत्रण दिया जा रहा है। वहीं, संयोजक राजेंद्र अग्रवाल एवं मोहनलाल अग्रवाल ने सभी अग्रवाल बंधुओं से 11 अक्टूबर को अपने घरों पर अग्रवंश का भगवा ध्वज फहराने और शाम को दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाने की अपील की है।

महिला अध्यक्ष शालू अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक संदीप शर्मा, उप महापौर विवेक राजवंशी, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, महामंत्री गोपाल गोयल, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, लोकेश गुप्ता, जगदीश जिंदल और समाजसेवी संदीप अग्रवाल चांदीवाला शामिल रहेंगे।

अग्रसेन जयंती पर आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा में पारंपरिक झांकियों, सामूहिक सहभागिता और सम्मान समारोह के माध्यम से कोटा में अग्रवाल समाज के विभिन्न संगठनों एवं समाजजनों की भागीदारी देखने को मिलेगी।

Tags: