कोटा में श्री हितकारी विद्यालय सहकारी शिक्षा समिति लिमिटेड की आमसभा से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में संस्था की वार्षिक पुस्तिका का विमोचन करते हुए कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, संस्था अध्यक्ष सूरज बिरला और अन्य पदाधिकारी।   

कोटा। श्री हितकारी विद्यालय सहकारी शिक्षा समिति लिमिटेड, कोटा की वार्षिक आमसभा रविवार, 18 अक्टूबर को दोपहर 12.15 बजे माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, एयरपोर्ट के सामने आयोजित होगी। आमसभा में संस्था के 70 वर्ष से अधिक आयु के 69 वरिष्ठ सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सदस्यों को 9 प्रतिशत लाभांश और 16 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि देने के प्रस्ताव पर विचार कर स्वीकृति ली जाएगी। प्रस्ताव मंजूर होने पर सदस्यों को कुल 25 प्रतिशत लाभांश एवं प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा।

संस्था की अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि आमसभा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा नागरिक सहकारी बैंक, माहेश्वरी समाज कोटा के अध्यक्ष एवं रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला करेंगे। समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, उपभोक्ता भण्डार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला और महापौर अनसूया गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

आमसभा से पहले गुरुवार को संस्था की पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर नागरिक बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला, संस्था की अध्यक्ष सूरज बिरला, अतिरिक्त रजिस्ट्रार बीना बैरवा, मंत्री चन्द्र मोहन शर्मा, कोषाध्यक्ष दयाकृष्ण बिरला, उपाध्यक्ष उषा न्याति, डायरेक्टर राहुल बिरला, मंजू बिरला, संजय बिरला, रचना डंडोतिया, गोकुलदास मोहता, महाप्रबंधक संदीप सक्सेना, शाखा प्रबंधक हेमेन्द्र जैन और राजेश शर्मा उपस्थित रहे।

संस्था के अधिशाषी निदेशक राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि सदस्यों के विश्वास और त्वरित सेवाओं के परिणामस्वरूप वर्तमान में समिति से 8256 सदस्य जुड़े हुए हैं। संस्था में सदस्यों की 149 करोड़ 81 लाख रुपये की मियादी अमानतें जमा हैं, जबकि सदस्यों को 58 करोड़ 74 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। संस्था के विभिन्न कोषों में 9 करोड़ 41 लाख रुपये जमा हैं और सदस्यों की 3 करोड़ 36 लाख रुपये की अंश पूंजी है।

संस्था अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए विभिन्न बैंकों में 140 करोड़ रुपये विनियोजित कर चुकी है। संस्था की कार्यशील पूंजी 249 करोड़ रुपये है और टर्नओवर 700 करोड़ रुपये है। संस्था की ओर से संचालित हितकारी सहकारी महिला शिक्षा महाविद्यालय पहले गढ़ पैलेस से संचालित होता था, जो अब कैथून रोड स्थित धाकड़खेड़ी में अपने निजी भवन में चल रहा है। महाविद्यालय में वर्तमान में 600 छात्राएं बी.एस.सी. एवं बी.एड. में अध्ययनरत हैं।

संस्था की अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि समिति ने अपनी कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रबंधन के आधार पर लगातार 29 वर्षों से 'अ' श्रेणी बरकरार रखी है। सदस्यों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संस्था ऋण सुविधाओं का विस्तार कर रही है। वर्ष 2026-27 के लिए सदस्यों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप 10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संस्था की ओर से सदस्यों को अधिकतम दो करोड़ रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

आमसभा में संस्था की वित्तीय और प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि बैठक में गत आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि, वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन का अनुमोदन, वार्षिक लेखों एवं ऑडिट रिपोर्ट का अवलोकन और आय-व्यय के विवरण पर चर्चा होगी। इसके साथ ही प्रस्तावित बजट की स्वीकृति, ऑडिट सारांश में दर्ज आक्षेपों की पूर्ति की पुष्टि तथा राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अंकेक्षक की नियुक्ति और पारिश्रमिक निर्धारण पर भी विचार किया जाएगा। अन्य विषयों पर अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा होगी।

संस्था के मंत्री चन्द्र मोहन शर्मा ने आमसभा में शामिल होने वाले सदस्यों से समय पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बैठक में भाग लेने के लिए सदस्यों को फोटोयुक्त पासबुक अथवा परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। फोटोयुक्त पासबुक या परिचय पत्र के बिना उपस्थिति दर्ज नहीं की जाएगी। वार्षिक प्रतिवेदन से संबंधित प्रस्ताव और सुझाव प्रस्तुत करने के इच्छुक सदस्यों को उन्हें निर्धारित समय से 48 घंटे पूर्व संस्था की दादाबाड़ी शाखा में भेजना होगा, ताकि उन पर विचार किया जा सके। कोरम पूरा नहीं होने की स्थिति में स्थगित आमसभा उसी दिन दोपहर एक बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, लाभांश एवं प्रोत्साहन राशि के प्रस्ताव और आगामी वित्तीय वर्ष में अतिरिक्त ऋण वितरण के लक्ष्य सहित संस्था के कामकाज से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों पर विचार किया जाएगा।

Tags: