कोटा में राम बारात पर पुष्पवर्षा, सीता स्वयंवर में धनुष भंग से गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
कोटा के आरके पुरम में राम बारात के दौरान राम-लक्ष्मण की सजी बग्गियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पुष्पवर्षा और भजनों के बीच सीता स्वयंवर में धनुष भंग तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद के मंचन ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
आरके पुरम में निकाली गई राम बारात में शामिल श्रद्धालु और बग्गी।
आरके पुरम में रामलीला आयोजन समिति की ओर से निकाली गई राम बारात में भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिला। सजी-धजी बग्गियों में भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप विराजमान थे, जबकि उनके पीछे भरत और शत्रुघ्न की सुसज्जित बग्गियां चल रही थीं। राम-लक्ष्मण की बग्गियों के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। स्वागत द्वार सजाए गए और आतिशबाजी भी की गई।
राम बारात में सैकड़ों महिला-पुरुष भजनों की धुन पर नाचते-गाते शामिल हुए। ‘राम जी की निकली सवारी’, ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘श्री रामचंद्र कृपालु भज मन’ के भजनों से पूरा वातावरण राममय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों के दर्शन किए और शोभायात्रा में उत्साह के साथ भाग लिया।
रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री गिरिराज गौतम ने बताया कि राम बारात श्री आरके पुरम बालाजी धाम से रवाना हुई। शोभायात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई रामलीला मंचन स्थल पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
सीता स्वयंवर के मंचन पर गूंजे जयकारे
समिति की प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता ने बताया कि रामलीला में सीता स्वयंवर प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया गया। राजा जनक के दरबार में अनेक राजा शिव धनुष उठाने में असफल रहे। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से भगवान श्रीराम ने धनुष उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ाई। धनुष भंग होते ही पांडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
सीता स्वयंवर के बाद भगवान परशुराम के आगमन का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को बांधे रखा। कलाकारों ने लक्ष्मण के ओजपूर्ण प्रत्युत्तर, भगवान परशुराम के क्रोध और भगवान श्रीराम की विनम्रता का सजीव चित्रण किया। इस प्रसंग के दौरान दर्शकों ने रामलीला मंचन का आनंद लिया। समिति की प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता ने सीता स्वयंवर प्रसंग में आरके पुरम के राजा की भूमिका निभाई।
अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती की
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन उपस्थित रहे। प्रायोजक अतिथियों में नरेंद्र कुमार नंदवाना एवं डॉ. प्रदीप गुप्ता शामिल हुए। अतिथियों के रूप में राधेश्याम पारेता, नरेश कुकरेजा और कुलदीप सनाढ्य भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विष्णु नारायण, सत्य प्रकाश शर्मा, चंद्रप्रकाश महेश्वरी, मांगीलाल पांचाल, सत्यनारायण शर्मा, मनोज शर्मा, एन के गुप्ता और बीके विजय सहित समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती कर वंदना की। राम बारात, सीता स्वयंवर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के मंचन के माध्यम से आरके पुरम में आयोजित रामलीला में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा की झलक देखने को मिली।