सेंदड़ा में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
ग्राम पंचायत और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
तस्वीर में सेंदड़ा के उपवन में ग्रामीण और वनकर्मी पौधरोपण करते हुए दिख रहे हैं।
सेंदड़ा में हरियालो राजस्थान 2026 अभियान के तहत जैतपुरा रोड स्थित ग्राम पंचायत के उपवन में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत सेंदड़ा एवं वन विभाग सेंदड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गुलर, गुलमोहर, करंज, जामुन, प्लास सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशासक रतन सिंह भाटी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधा लगाना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी की शुरुआत है, जबकि उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान के माध्यम से गांवों में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
रतन सिंह भाटी ने ग्रामीणों एवं वन मित्रों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेगा।
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी अंजू कालवा, सतर्कता समिति अध्यक्ष मोहन सिंह चौहान, वन रक्षक नरेश गुर्जर, ममता चौधरी, गेंदा देवी, वन मित्र छोग सिंह धोलिया, बंटी चौहान, प्रकाश सिंह, अमर सिंह, सुरेंद्र सिंह, दिलीप सिंह, रणजीत सिंह सहित वन मित्र एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी का संकल्प पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक भागीदारी को रेखांकित करता है।