जयपुर में नगर निकाय चुनाव से पहले बड़ा बदलाव, 74 अभ्यर्थियों ने वापस ली उम्मीदवारी
जयपुर में नगर निकाय चुनाव के लिए बुधवार को 74 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। अब 3,291 अभ्यर्थी मैदान में हैं, अंतिम स्थिति कल होगी स्पष्ट।
जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव की प्रक्रिया के बीच बुधवार को 74 अभ्यर्थियों के अभ्यर्थिता वापस लेने से चुनावी तस्वीर में बदलाव आया है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद वैध रूप से नामांकित 3,365 अभ्यर्थियों में से अब 3,291 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में शेष हैं। हालांकि, अंतिम स्थिति गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद जिले में कुल 3,365 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित पाए गए थे। बुधवार को अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया के दौरान 74 अभ्यर्थियों ने अपनी अभ्यर्थिता वापस ले ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने बताया कि बुधवार को जयपुर नगर निगम से 22, चौमूं नगर परिषद से 6, शाहपुरा नगर परिषद से 9, बस्सी नगर पालिका से 2, चाकसू से 9, दूदू से 8, जमवारामगढ़ से 4, कालाडेरा से 1, खेजरोली से 1, किशनगढ़-रेनवाल से 3, मनोहरपुर से 2, फागी से 4 तथा सांभर से 3 अभ्यर्थियों ने अपनी अभ्यर्थिता वापस ली।
वहीं, बगरू, जोबनेर, कानोता, नारायणा, फुलेरा एवं वाटिका में बुधवार को नाम वापसी दर्ज नहीं हुई।
अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया गुरुवार, 3 सितम्बर को अपराह्न 3 बजे तक जारी रहेगी। ऐसे में चुनाव मैदान में अंतिम रूप से रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके बाद 4 सितम्बर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही जयपुर जिले के नगरीय निकाय चुनाव में मैदान में उतरने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।