नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में पार्षद पद के चुनाव को लेकर बुधवार को नाम वापसी के बाद तस्वीर में बदलाव आया। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद वैध रूप से नामांकित 3,365 अभ्यर्थियों में से 74 अभ्यर्थियों ने अपनी अभ्यर्थिता वापस ले ली। इसके बाद 3,291 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में शेष रहे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने बताया कि बुधवार को हुई नाम वापसी में जयपुर नगर निगम से 22, चौमूं नगर परिषद से 6, शाहपुरा नगर परिषद से 9, बस्सी नगर पालिका से 2, चाकसू से 9, दूदू से 8, जमवारामगढ़ से 4, कालाडेरा से 1, खेजरोली से 1, किशनगढ़-रेनवाल से 3, मनोहरपुर से 2, फागी से 4 तथा सांभर से 3 अभ्यर्थियों ने अपनी अभ्यर्थिता वापस ली।

वहीं, बगरू, जोबनेर, कानोता, नारायणा, फुलेरा एवं वाटिका में बुधवार को नाम वापसी दर्ज नहीं हुई।

अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया गुरुवार, 3 सितम्बर को अपराह्न 3 बजे तक जारी रहेगी। ऐसे में अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके बाद 4 सितम्बर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

Tags: