जयपुर: निकाय चुनाव प्रशिक्षण से गायब 9 कर्मियों को 17 CCA चार्जशीट
दोनों ट्रेनिंग सेशन में अनुपस्थित रहने पर जिला कलक्टर ने की कार्रवाई, जवाब सही न मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर।
जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव 2026 की ड्यूटी के प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहे 09 कार्मिकों के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने सख्त कार्रवाई की है। दोनों प्रशिक्षणों में अनुपस्थिति का संतोषजनक कारण उपलब्ध नहीं होने पर कार्मिकों को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1958 के नियम 17 के तहत 17 सीसीए की चार्जशीट थमाई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) एवं जिला कलक्टर संदेश नायक की ओर से नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत 26 एवं 27 अगस्त को मतदान दलों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम जेएलएन मार्ग स्थित चार प्रशिक्षण संस्थानों पर आयोजित करवाया गया था। इन प्रशिक्षणों में अनुपस्थित रहे कार्मिकों को अंतिम मौका देते हुए 01 सितम्बर को इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जेएलएन मार्ग, जयपुर में प्रशिक्षण आयोजित करवाया गया।
इसके बावजूद उक्त दोनों प्रशिक्षणों में अनुपस्थित रहे 09 कार्मिकों की अनुपस्थिति का संतोषजनक कारण उपलब्ध नहीं होने पर उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 एवं राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1958 के नियम 17 के तहत चार्जशीट दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। कार्मिकों का संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 (1A) के तहत कार्यवाही की जाएगी और मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
जयपुर जिले की 18 नगर पालिकाओं के लिए 08 सितम्बर एवं नगर निगम जयपुर के लिए 10 सितम्बर को सीकर रोड, जयपुर स्थित भवानी निकेतन महाविद्यालय से मतदान दल रवाना होंगे। ये मतदान दल क्रमशः 09 एवं 11 सितम्बर को अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर चुनाव सम्पन्न कराएंगे। ऐसे में चुनाव ड्यूटी प्रशिक्षण में अनुपस्थिति को लेकर जिला प्रशासन की यह कार्रवाई निर्वाचन प्रक्रिया में कार्मिकों की जिम्मेदारी को रेखांकित करती है।